ललिता ज्वेलरी मार्ट का 1,700 करोड़ रुपये का आईपीओ 17 अगस्त को खुलेगा
ललिता ज्वेलरी मार्ट का 1,700 करोड़ रुपये का आईपीओ 17 अगस्त को खुलेगा
नयी दिल्ली, 11 अगस्त (भाषा) आभूषण खुदरा कंपनी ललिता ज्वेलरी मार्ट लिमिटेड का 1,700 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 17 अगस्त को निवेशकों के लिए खुलेगा।
कंपनी इस निर्गम से जुटाई गई राशि का उपयोग अपने स्टोर नेटवर्क के विस्तार में करेगी।
कंपनी ने आईपीओ के लिए 190-201 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। ऊपरी मूल्य स्तर पर कंपनी का मूल्यांकन करीब 11,250 करोड़ रुपये बैठता है।
आईपीओ में 1,200 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 500 करोड़ रुपये तक के शेयर बिक्री पेशकश (ओएफएस) के जरिए बेचे जाएंगे।
नए शेयर जारी कर जुटाई गई राशि का मुख्य रूप से नए स्टोर खोलने में उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा राशि का एक हिस्सा सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए खर्च किया जाएगा।
आईपीओ 19 अगस्त को बंद होगा, जबकि एंकर निवेशकों के लिए बोली 14 अगस्त को खुलेगी।
कुल निर्गम में 50 प्रतिशत हिस्सा योग्य संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी), 15 प्रतिशत गैर-संस्थागत निवेशकों (एनआईआई) और 35 प्रतिशत खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है।
भाषा योगेश
योगेश

Facebook


