मुंबई, 15 अप्रैल (भाषा) भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) अंतरराष्ट्रीय वित्तीय रिपोर्टिंग मानक (आईएफआरएस) लागू करने से पहले नियामकीय स्तर पर राहत के विकल्प की समीक्षा कर रही है। एक शीर्ष अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने कहा कि नई प्रणाली को अपनाने पर अंतिम निर्णय बोर्ड की मंजूरी मिलने के बाद लिया जाएगा।
जीवन बीमा क्षेत्र की दिग्गज कंपनी ने संकेत दिया कि उसने इस मामले में पहले ही नियामक के साथ चर्चा की है और वर्तमान में नियमों के तहत उपलब्ध बदलाव रूपरेखा का मूल्यांकन कर रही है।
एलआईसी के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी आर दोरईस्वामी ने बुधवार को यहां ‘मायएलआईसी’ एप्लिकेशन की पेशकश के मौके पर कहा, ”’आईएफआरएस… हम जो कुछ भी कर रहे हैं, उसकी घोषणा करेंगे। मुझे लगता है कि हमने नियामक को अपना नजरिया पहले ही बता दिया है। एक बार जब हमारा बोर्ड मंजूरी दे देगा, तो तो हम इसकी घोषणा कर पाएंगे।”
कंपनी ने स्पष्ट किया कि इसे अपनाने की समय-सीमा पर कोई भी औपचारिक घोषणा बोर्ड की मंजूरी सहित आंतरिक शासन प्रक्रियाओं के बाद की जाएगी।
भाषा पाण्डेय रमण
रमण