एचएमएसआई, निसान, जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया और टीकेएम की वाहन बिक्री में वृद्धि

Ads

एचएमएसआई, निसान, जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया और टीकेएम की वाहन बिक्री में वृद्धि

  •  
  • Publish Date - August 1, 2026 / 03:53 PM IST,
    Updated On - August 1, 2026 / 03:53 PM IST

नयी दिल्ली, एक अगस्त (भाषा) होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (एचएमएसआई) की कुल बिक्री जुलाई 2026 में पांच प्रतिशत बढ़कर 5,42,934 इकाई रही, जबकि पिछले साल जुलाई में यह 5,15,378 इकाई थी।

कंपनी ने शनिवार को बयान में कहा कि जुलाई में उसकी घरेलू बिक्री दो प्रतिशत की वृद्धि के साथ 4,76,436 इकाई रही, जबकि जुलाई 2025 में यह 4,66,331 इकाई थी।

एचएमएसआई ने बताया कि जुलाई 2026 में कंपनी का निर्यात 35 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 66,498 इकाई रहा, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 49,047 इकाई था।

निसान मोटर इंडिया प्राइवेट लि. (एनएमआईपीएल) की कुल थोक बिक्री जुलाई में 66.5 प्रतिशत बढ़कर 9,339 इकाई हो गई, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 5,608 इकाई थी।

कंपनी ने शनिवार को बयान में बताया कि घरेलू थोक बिक्री जुलाई में 4,518 इकाई रही, जो पिछले वर्ष जुलाई में 1,420 इकाई थी।

कंपनी का निर्यात जुलाई 2026 में 4,821 इकाई रहा, जो पिछले वर्ष जुलाई में 4,188 इकाई था।

जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया से जुलाई 2026 में डीलर को भेजे गए वाहनों की संख्या 22 प्रतिशत बढ़कर 8,158 इकाई हो गई। यह कंपनी की अब तक की सबसे अधिक मासिक थोक बिक्री है।

कंपनी ने बयान में बताया कि जुलाई 2026 में उसके न्यू एनर्जी व्हीकल (एनईवी) पोर्टफोलियो ने भी अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। कंपनी की कुल बिक्री में एनईवी की हिस्सेदारी 80 प्रतिशत से अधिक रही।

टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (टीकेएम) ने शनिवार को बताया की कंपनी की घरेलू बिक्री जुलाई 2026 में पांच प्रतिशत बढ़कर 30,516 इकाई हो गई, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 29,159 इकाई थी।

भाषा यासिर पाण्डेय

पाण्डेय