नयी दिल्ली, 27 अगस्त (भाषा) ल्यूमिनो इंडस्ट्रीज लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बोली के पहले दिन बृहस्पतिवार को 1.42 गुना अभिदान मिला।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, आईपीओ में 6,32,05,127 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 8,97,57,122 शेयर के लिए बोलियां मिलीं।
गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्से को 2.09 गुना अभिदान मिला। खुदरा निवेशकों की श्रेणी को 1.95 गुना बोलियां मिली जबकि पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के हिस्से को चार प्रतिशत अभिदान प्राप्त हुआ।
ल्यूमिनो इंडस्ट्रीज ने मंगलवार को बड़े (एंकर) निवेशकों से 207 करोड़ रुपये जुटाए।
कंपनी ने आईपीओ का मूल्य दायरा 78-82 रुपये प्रति शेयर तय किया है।
कंपनी का निर्गम 31 अगस्त को बंद होगा।
आईपीओ में 500 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, प्रवर्तक देवेंद्र गोयल और जय गोयल 200 करोड़ रुपये तक के शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) करेंगे।
भाषा
यासिर योगेश
योगेश