एआई सम्मेलन के चलते ताज पैलेस, द ओबेरॉय में लक्जरी सुइट का किराया आसमान पर

Ads

एआई सम्मेलन के चलते ताज पैलेस, द ओबेरॉय में लक्जरी सुइट का किराया आसमान पर

  •  
  • Publish Date - February 9, 2026 / 06:55 PM IST,
    Updated On - February 9, 2026 / 06:55 PM IST

नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) दिल्ली के ताज पैलेस और द ओबेरॉय जैसे पांच सितारा होटल के लक्जरी सुइट का किराया भारी मांग के चलते 18 फरवरी के लिए 25 लाख रुपये प्रति रात (कर अतिरिक्त) की चौंका देने वाली कीमत पर पहुंच चुका है।

वेबसाइट पर सोमवार को उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दिल्ली में 19-20 फरवरी को होने वाले ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ के लिए दुनिया भर के दिग्गज सीईओ, राष्ट्राध्यक्ष और मंत्रियों के जुटने के कारण यह स्थिति बनी है।

एक तुलनात्मक विश्लेषण से पता चलता कि 11 फरवरी के लिए ताज पैलेस में लक्री सुइट का मानक किराया 90,000 रुपये है, जबकि 18 फरवरी के लिए निजी छत वाले गार्डन लक्जरी सुइट की कीमत 25 लाख रुपये प्रति रात दिखाई जा रही है। इसी तरह द ओबेरॉय में 11 फरवरी को जो लक्जरी सुइट 3.25 लाख रुपये में उपलब्ध है, वहां 18 फरवरी के लिए कमरे की शुरुआती कीमत ही 5.50 लाख रुपये प्रति रात है।

द लीला पैलेस में 18 फरवरी के लिए लक्जरी सुइट 17,29,490 रुपये में उपलब्ध है, जबकि 11 फरवरी को यही सुइट 2,94,490 रुपये में मिल रहा है। आईटीसी मौर्या का टावर्स सुइट भी 19 फरवरी के लिए 1,15,000 रुपये में मिल रहा है, जो 11 फरवरी को मात्र 37,000 रुपये में उपलब्ध है। ताज महल होटल (मानसिंह रोड) की वेबसाइट पर 18 और 19 फरवरी के लिए बुकिंग रोक दी गई है।

भारत मंडपम में 16 से 20 फरवरी तक चलने वाले इस शिखर सम्मेलन के लिए दुनिया भर से 35,000 से अधिक पंजीकरण मिले हैं। होटलों के कमरों के बढ़ते दामों और लगभग फुल हो चुकी बुकिंग ने उन पर्यटकों की योजनाओं को संकट में डाल दिया है जो इन तारीखों के आसपास दिल्ली आने का विचार कर रहे थे।

इस शिखर सम्मेलन को अब तक के चार वैश्विक एआई सम्मेलनों में सबसे बड़ा बताया जा रहा है। इसमें 100 से अधिक देशों की भागीदारी, 15 से 20 राष्ट्राध्यक्षों, 50 से अधिक मंत्रियों और वैश्विक एआई पारिस्थितिकी तंत्र के 500 प्रमुख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

पीटीआई-भाषा ने इस संबंध में ताज, आईटीसी, ओबेरॉय और लीला होटल्स समूह से संपर्क किया, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय