मारुति नये कारखाने के लिए जमीन को लेकर गुजरात सरकार से कर रही है बातचीत: भार्गव

मारुति नये कारखाने के लिए जमीन को लेकर गुजरात सरकार से कर रही है बातचीत: भार्गव

मारुति नये कारखाने के लिए जमीन को लेकर गुजरात सरकार से कर रही है बातचीत: भार्गव
Modified Date: January 10, 2024 / 09:07 pm IST
Published Date: January 10, 2024 9:07 pm IST

नयी दिल्ली, 10 जनवरी (भाषा) मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) के चेयरमैन आर सी भार्गव ने बुधवार को कहा कि कंपनी अपने दूसरे कारखाने के लिए सही जगह जमीन प्राप्त करने को लेकर गुजरात सरकार के साथ बातचीत कर रही है। कंपनी 35,000 करोड़ रुपये के निवेश से यह कारखाना लगाएगी।

कार बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी ने नए कारखाने में सालाना 10 लाख वाहन का उत्पादन करने की योजना बनाई है। कंपनी का लक्ष्य 2030-31 तक वार्षिक उत्पादन क्षमता बढ़ाकर 40 लाख इकाई से अधिक करने का है।

भार्गव ने पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा कि कंपनी ने राज्य में कारोबार के विस्तार के लिए गुजरात सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘यह अन्य एमओयू की तरह है जो गैर-बाध्यकारी हैं और निदेशक मंडल की मंजूरी पर निर्भर है। अबतक, कंपनी निदेशक मंडल ने इस संबंध में कुछ भी विचार नहीं किया है।’’

भार्गव ने कहा कि नये कारखाने के लिए गुजरात पसंदीदा राज्य है। नये संयंत्र के लिए उपयुक्त स्थान पर जमीन की जरूरत है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम विक्रेताओं के साथ मिलकर कारखाना लगाने में 35,000 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे। लेकिन यह सब उपयुक्त जगह पर जमीन की उपलब्धता पर निर्भर करेगा। क्योंकि हम अबतक विस्तार के लिए आवश्यक भूमि का पता नहीं लगा पाये हैं और न ही उसे खरीद पाये हैं।’’

यह पूछे जाने पर क्या जमीन लेने में कोई समस्या है, भार्गव ने कहा, ‘‘किहीं भी जगह जमीन प्राप्त करना इतना आसान नहीं होता…भूमि के लिए तलाश जारी है।’’

यह पूछे जाने पर क्या वित्त वर्ष 2028-29 तक उत्पादन शुरू करने के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है, उन्होंने कहा, ‘‘यह व्यावहारिक है। इसके लिए अभी पर्याप्त समय है।’’

भाषा रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में