मारुति सुजुकी आंध्र प्रदेश में चार स्वचालित ड्राइविंग परीक्षण ट्रैक स्थापित करेगी

मारुति सुजुकी आंध्र प्रदेश में चार स्वचालित ड्राइविंग परीक्षण ट्रैक स्थापित करेगी

मारुति सुजुकी आंध्र प्रदेश में चार स्वचालित ड्राइविंग परीक्षण ट्रैक स्थापित करेगी
Modified Date: February 6, 2026 / 12:42 pm IST
Published Date: February 6, 2026 12:42 pm IST

नयी दिल्ली, छह फरवरी (भाषा) मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) ने शुक्रवार को कहा कि उसने आंध्र प्रदेश में चार स्वचालित ड्राइविंग परीक्षण ट्रैक (एडीटीटी) स्थापित करने और उनके रखरखाव के लिए राज्य सरकार के साथ एक समझौता किया है।

ये ट्रैक राज्य के चार क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) स्थानों एलुरु, ओंगोल, विजयनगरम और अनाकापल्ली में स्थापित किए जाएंगे।

समझौते (एमओए) के तहत, देश की सबसे बड़ी कार विनिर्माता कंपनी इन ड्राइविंग परीक्षण ट्रैक को स्वचालित बनाएगी और चालू होने की तारीख से तीन वर्षों तक इनका रखरखाव करेगी।

मारुति सुजुकी इंडिया के प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हिसाशी ताकेउची ने एक बयान में कहा, ‘प्रौद्योगिकी आधारित समाधानों के दृष्टिकोण के अनुरूप, हमें आंध्र प्रदेश में चार स्वचालित ड्राइविंग परीक्षण ट्रैक लाने का सम्मान मिला है।’

उन्होंने कहा कि एडीटीटी उन्नत तकनीक का उपयोग करते हैं, जो मानवीय हस्तक्षेप के बिना एक व्यापक, कुशल और पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करते हैं। ताकेउची ने कहा कि इससे यह सुनिश्चित होता है कि केवल कुशल चालकों को ही ड्राइविंग लाइसेंस दिया जाए, जिससे सड़क सुरक्षा में सुधार होगा।

आंध्र प्रदेश के परिवहन आयुक्त मनीष कुमार सिन्हा ने कहा, ‘ड्राइविंग परीक्षण ट्रैक के स्वचालन से परीक्षण प्रक्रिया में अधिक एकरूपता और निष्पक्षता आने की उम्मीद है। यह सुनिश्चित करेगा कि लाइसेंस केवल उन्हीं उम्मीदवारों को जारी किए जाएं जिनके पास आवश्यक ड्राइविंग कौशल है।’

भाषा सुमित अजय

अजय


लेखक के बारे में