भारत से पेट्रोलियम उत्पादों का आयात करेगा मॉरीशस
भारत से पेट्रोलियम उत्पादों का आयात करेगा मॉरीशस
नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) मॉरीशस के विदेश मंत्री धनंजय रामफल ने शुक्रवार को कहा कि मॉरीशस जल्द ही सरकार-से-सरकार (जी2जी) व्यवस्था के तहत भारत से पेट्रोलियम उत्पादों का आयात शुरू करेगा।
रामफल ने कहा, “पहले भी हमारे पास भारतीय सरकार के साथ एक समान व्यवस्था थी, जिसमें मैंगलोर तेल रिफाइनरी शामिल थी। यह सरकार-से-सरकार व्यवस्था थी और हमें लगातार पेट्रोल की आपूर्ति अपेक्षाकृत कम कीमत पर मिलती थी। हम भारत सरकार के साथ इसी तरह की व्यवस्था की उम्मीद कर रहे हैं।”
मॉरीशस पूरी तरह से पेट्रोलियम उत्पादों के आयात पर निर्भर करता है, और यहां सालाना परिष्कृत पेट्रोलियम आयात का मूल्य लगभग 1.3 अरब अमेरिकी डॉलर है।
रामफल ने यह भी कहा, “हम यह विचार कर रहे हैं कि शायद पेट्रोल को रुपये में खरीदें, जिससे यह मॉरीशस के लिए और भी आकर्षक हो जाएगा।”
उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संकट उन देशों को काफी प्रभावित करेगा जो पेट्रोलियम आयात पर अधिक निर्भर हैं।
रामफल ने कहा, “इसका असर छोटी और कमजोर अर्थव्यवस्थाओं जैसे मॉरीशस पर व्यापक रूप से पड़ेगा। इसके अलावा, पर्यटन क्षेत्र और खाद्य आपूर्ति पर भी प्रभाव पड़ सकता है।”
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


