कृषि उत्पादों का अधिक से अधिक प्रसंस्करण, मूल्यवर्धन जरूरी: मुख्य सचिव, राजस्थान
कृषि उत्पादों का अधिक से अधिक प्रसंस्करण, मूल्यवर्धन जरूरी: मुख्य सचिव, राजस्थान
जयपुर, 27 जुलाई (भाषा) राजस्थान के मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने कृषि उत्पादों के अधिक से अधिक प्रसंस्करण और मूल्यवर्धन पर जोर देते हुए सोमवार को कहा कि इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
वह सचिवालय में केंद्र सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के सचिव ए पी दास जोशी की उपस्थिति में हितधारकों की परामर्श बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि राजस्थान की कृषि क्षमता को आर्थिक समृद्धि में बदलने के लिए कृषि उत्पादों का अधिक से अधिक प्रसंस्करण और मूल्यवर्धन आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, निवेश को बढ़ावा मिलेगा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
आधिकारिक बयान के अनुसार बैठक में राजस्थान में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के विस्तार, उपलब्ध अवसरों, चुनौतियों तथा आवश्यक नीतिगत सुधारों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
मुख्य सचिव ने नई खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना, फूड पार्क एवं कृषि प्रसंस्करण संकुलों के विकास, आधुनिक तकनीक के उपयोग तथा उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही उद्योगों को आवश्यक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने तथा विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए।
श्रीनिवास ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार, राज्य सरकार, उद्योगों, वित्तीय संस्थानों, कृषि एवं शैक्षणिक संस्थानों के बीच निरंतर समन्वय और सहयोग आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि बैठक में मिले सुझावों के आधार पर आवश्यक नीतिगत एवं संस्थागत पहल की जाएंगी। इससे राज्य में निवेश, मूल्यवर्धन, रोजगार सृजन तथा किसानों की आय में वृद्धि को और गति मिलेगी।
केंद्रीय सचिव जोशी ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण ऐसा क्षेत्र है, जो बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित करने के साथ किसानों की आय बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने राजस्थान की कृषि एवं बागवानी क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में इस क्षेत्र के विकास की व्यापक संभावनाएं हैं।
उन्होंने मंत्रालय की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने, कृषि उत्पादों में मूल्यवर्धन तथा प्रसंस्करण क्षमता का विस्तार करने पर बल देते हुए राज्य सरकार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
भाषा पृथ्वी राजकुमार पाण्डेय
पाण्डेय

Facebook


