नयी दिल्ली, 28 अगस्त (भाषा) विदेशों में मजबूत रुख के बीच देश में शुक्रवार को सरसों एवं सोयाबीन तेल-तिलहन, कच्चा पामतेल (सीपीओ) एवं पामोलीन तेल कीमतों में सुधार आया। रक्षा बंधन त्योहार के मौके पर गुजरात में बाजार बंद रहने के बीच मूंगफली और बिनौला तेल के दाम स्थिर बने रहे। मलेशिया एक्सचेंज दोपहर साढ़े तीन बजे लगभग 1.5 प्रतिशत मजबूत बंद हुआ। इसी तरह शिकॉगो एक्सचेंज बृहस्पतिवार रात भी मजबूत बंद हुआ था और फिलहाल यहां करीब दो प्रतिशत का सुधार है। बाजार सूत्रों ने कहा कि विदेशों में मजबूती के रुख के बीच स्थानीय कारोबार पर भी तेजी का सकारात्मक असर दिखा। कम दाम पर किसानों द्वारा बिकवाली घटाने और विदेशों में मजबूती के रुख से सरसों तेल-तिलहन में सुधार आया। इसी प्रकार, विदेशों में मजबूती रहने के कारण सोयाबीन तेल-तिलहन में भी तेजी रही। इसी मजबूती के कारण आयातित पाम-पामोलीन तेल में भी सुधार आया। दूसरी ओर ‘रक्षा बंधन’ त्योहार के मौके पर गुजरात में बाजार बंद होने की वजह से मूंगफली तेल-तिलहन और बिनौला तेल के दाम स्थिर रहे। इन दोनों तेलों की अधिकांश खपत गुजरात में ही होती है। सूत्रों ने कहा कि छोटे तेल पेराई मिलों को सरसों की पेराई में नुकसान होता है जो थोक में टैंकरों में सरसों तेल बेचते हैं। ब्रांडेड बड़ी कंपनियां खुदरा में भी बेच कर अपने मुनाफे का इंतजाम कर लेती हैं। तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे…
सरसों तिलहन – 8,250-8,300 रुपये प्रति क्विंटल। मूंगफली – 7,350-7,925 रुपये प्रति क्विंटल। मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) – 17,000 रुपये प्रति क्विंटल। मूंगफली रिफाइंड तेल – 2,680-2,980 रुपये प्रति टिन। सरसों तेल दादरी- 16,700 रुपये प्रति क्विंटल। सरसों पक्की घानी- 2,720-2,820 रुपये प्रति टिन। सरसों कच्ची घानी- 2,720-2,870 रुपये प्रति टिन। सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 15,700 रुपये प्रति क्विंटल। सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 15,500 रुपये प्रति क्विंटल। सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 12,000 रुपये प्रति क्विंटल। सीपीओ एक्स-कांडला- 13,850 रुपये प्रति क्विंटल। बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 16,800 रुपये प्रति क्विंटल। पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 15,800 रुपये प्रति क्विंटल। पामोलिन एक्स- कांडला- 14,525 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल। सोयाबीन दाना – 6,650-6,700 रुपये प्रति क्विंटल। सोयाबीन लूज- 6,500-6,600 रुपये प्रति क्विंटल।भाषा राजेश राजेश रमणरमण