कोलकाता, 28 सितंबर (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी नेशनल एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड (नाल्को) ने सोमवार को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए केंद्र सरकार को रिकॉर्ड 1,083.06 करोड़ रुपये का लाभांश दिया।
नाल्को के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी को लाभांश का चेक सौंपा। इस मौके पर खान सचिव केशव चंद्र भी मौजूद थे।
नवरत्न कंपनी ने वित्त वर्ष में कुल 2,112.12 करोड़ रुपये का लाभांश दिया, जो उसकी चुकता इक्विटी पूंजी का 230 प्रतिशत है। इसमें तीन अंतरिम लाभांश और अंतिम लाभांश शामिल हैं। कंपनी ने 2025-26 में 5,815.76 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया।
रेड्डी ने कहा कि भारत करीब चार अरब डॉलर मूल्य के उच्च गुणवत्ता वाले एल्युमिनियम उत्पादों का आयात करता है।
उन्होंने उत्पादन बढ़ाने, मूल्यवर्धन को बढ़ावा देने और एल्युमिनियम के प्रसंस्करण से जुड़े उद्योगों को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया।
भाषा योगेश अजय
अजय