राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन ने चालू वित्त वर्ष में जनवरी तक 52 करोड़ रुपये का रिफंड दिलाया
राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन ने चालू वित्त वर्ष में जनवरी तक 52 करोड़ रुपये का रिफंड दिलाया
नयी दिल्ली, 17 फरवरी (भाषा) सरकार ने मंगलवार को कहा कि उपभोक्ता हेल्पलाइन (एनसीएच) ने जनवरी तक 79,521 उपभोक्ता शिकायतों को सुलझाकर 31 क्षेत्रों में 52 करोड़ रुपये का रिफंड दिलाया है।
एक सरकारी बयान में कहा गया है कि रिफंड कानूनी प्रक्रिया पूर्व के चरण में ही मिल गए, जिससे उपभोक्ताओं को उपभोक्ता आयोग के पास जाए बिना समय पर राहत मिल सकी।
एनसीएच, उपभोक्ता मामला मंत्रालय की प्रमुख पहल है, जो उपभोक्ता संरक्षण कानून, 2019 के तहत असरदार, आसान और समय पर शिकायत सुलझाने में अहम भूमिका निभाती है।
इसमें शिकायतों को तय समय में हल के लिए कंपनियों को डिजिटल प्रारूप में भेजा जाता है, जिसमें लगातार निगरानी और उपभोक्ता प्रतिक्रिया की निगरानी होती है।
ई-कॉमर्स क्षेत्र में सबसे ज़्यादा 47,743 शिकायतें दर्ज की गईं, जिससे 36 करोड़ रुपये से ज़्यादा का रिफंड मिला। इसके बाद यात्रा एवं परिवहन क्षेत्र में हेल्पलाइन के ज़रिये चार करोड़ रुपये से ज़्यादा का रिफंड मिला।
बयान में आगे कहा गया कि ई-कॉमर्स क्षेत्र में रिफंड की शिकायतें पूरे देश से आईं, जिसमें बड़े शहरों के साथ-साथ दूरदराज के इलाके भी शामिल थे, जिससे पता चलता है कि एनसीएच पूरे भारत में उपभोक्ता शिकायत मंच के तौर पर कितनी आसानी से उपलब्ध है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


