नवप्रकृति महत्वपूर्ण खनिजों के रिफाइनिंग संयंत्र पर करेगी 100 करोड़ रुपये का निवेश
नवप्रकृति महत्वपूर्ण खनिजों के रिफाइनिंग संयंत्र पर करेगी 100 करोड़ रुपये का निवेश
नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (भाषा) लिथियम-आयन बैटरी के पुनर्चक्रण एवं नवीनीकरण क्षेत्र की कंपनी नवप्रकृति ने मंगलवार को ओडिशा में एक महत्वपूर्ण खनिज रिफाइनिंग संयंत्र की स्थापना के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की घोषणा की।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि इस अत्याधुनिक संयंत्र के वित्त वर्ष 2028-29 तक चालू हो जाने की उम्मीद है।
यह संयंत्र सालाना 5,000 टन पुरानी बैटरियों को प्रसंस्कृत करेगी और उनसे लिथियम, कोबाल्ट और निकेल जैसे महत्वपूर्ण खनिजों को अलग निकालेगी।
कंपनी ने बताया कि उसे राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन के तहत कोबाल्ट, निकेल और लिथियम को निकालने के लिए पात्र माना गया है, जिससे घरेलू आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने और आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।
नवप्रकृति की स्थापना 2024 में अखिलेश और अवनीश बगारिया ने की थी। कंपनी की पहली इकाई पश्चिम बंगाल के सेरामपुर में पहले से चालू है, जिसकी वार्षिक क्षमता 12,000 टन है जिसे बढ़ाकर 24,000 टन तक किया जा सकता है।
ओडिशा में प्रस्तावित यह दूसरा संयंत्र विशेष रूप से महत्वपूर्ण खनिजों को निकालने पर केंद्रित होगी और भारत की बैटरी पुनर्चक्रण परिवेश को मजबूत करेगी।
कंपनी के सह-संस्थापक अखिलेश बगारिया ने कहा कि यह निवेश जिम्मेदार बैटरी रीसाइक्लिंग और उन्नत मिनरल रिकवरी के लिए नया मानक स्थापित करेगा और इससे 500 से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है।
कंपनी उच्च शुद्धता वाले लिथियम, कोबाल्ट, निकेल और अन्य दुर्लभ खनिजों की रिकवरी पर ध्यान केंद्रित कर रही है, जो इलेक्ट्रिक वाहनों, ऊर्जा भंडारण और विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण हैं।
भाषा प्रेम
प्रेम रमण
रमण

Facebook


