नेपाली चाय उत्पादकों ने अनिश्चित काल के लिए उत्पादन रोकने की घोषणा की
नेपाली चाय उत्पादकों ने अनिश्चित काल के लिए उत्पादन रोकने की घोषणा की
(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, 17 जून (भाषा) नेपाल के चाय उत्पादकों ने भारत द्वारा आयातित चाय पर कड़े गुणवत्ता मानक लागू किए जाने के बाद बृहस्पतिवार से अनिश्चितकालीन उत्पादन बंद करने की घोषणा की है।
पिछले सप्ताह भारतीय चाय बोर्ड ने कहा था कि आयातित चाय के घरेलू गुणवत्ता मानकों के अनुरूप होना सुनिश्चित करने के लिए सख्त जांच व्यवस्था लागू की गई है।
भारतीय चाय बोर्ड के उपाध्यक्ष सी मुरुगन ने कहा, ‘‘हमने नेपाल सहित भारत में आने वाली सभी चाय की 100 प्रतिशत जांच शुरू कर दी है।’’
उन्होंने कहा कि यह कदम उपभोक्ताओं की सुरक्षा और घरेलू खपत के साथ-साथ सम्मिश्रण और दोबारा निर्यात के लिए आयात की जाने वाली चाय की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए उठाया गया है।
नेपाल में उत्पादित चाय के लिए भारत एक प्रमुख बाजार है। नेपाली चाय उत्पादकों, खासकर कोशी प्रांत के इलम जिले में स्थित उत्पादकों ने बृहस्पतिवार से अनिश्चित काल के लिए अपना उत्पादन रोकने की घोषणा की।
नेपाली चाय उत्पादक संघ ने एक बयान में कहा कि भारतीय चाय बोर्ड द्वारा नए नियम लागू किए जाने के बाद नेपाल के चाय उत्पादकों को चाय निर्यात में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
संघ के महासचिव शुक्र दहल ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हर साल लगभग पांच अरब रुपये की चाय भारत को निर्यात की जाती है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि वह अपने उत्पादों के लिए वैकल्पिक बाजारों के तौर पर बांग्लादेश और पाकिस्तान को नेपाली चाय के निर्यात की पहल करे।
नेपाल की कृषि, वन और पर्यावरण मंत्री गीता चौधरी ने संसद में कहा कि सरकार चाय निर्यातकों की मौजूदा समस्या को हल करने के लिए ‘तकनीकी और कूटनीतिक पहल’ कर रही है।
सांसदों के सवालों का जवाब देते हुए चौधरी ने कहा कि ये प्रयास ‘सकारात्मक दिशा’ में आगे बढ़ रहे हैं।
भाषा राजेश राजेश प्रेम
प्रेम

Facebook


