अगला वैश्विक एआई दिग्गज भारत से निकलने में कोई बाधा नहीं: सुंदर पिचाई

Ads

अगला वैश्विक एआई दिग्गज भारत से निकलने में कोई बाधा नहीं: सुंदर पिचाई

  •  
  • Publish Date - February 18, 2026 / 06:57 PM IST,
    Updated On - February 18, 2026 / 06:57 PM IST

नयी दिल्ली, 18 फरवरी (भाषा) गूगल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुंदर पिचाई ने बुधवार को कहा कि भारत में ऐसा बदलाव हो रहा है जिससे अगला वैश्विक एआई दिग्गज यहीं से निकल सकता है। उन्होंने जोर दिया कि देश में एआई के लिए अनुकूल परिवेश विकसित हो चुका है और भारत ‘असाधारण’ स्वदेशी कंपनियां बना रहा है।

पिचाई ने भारत में डेवलपर की उच्च ऊर्जा और फलते-फूलते उद्यमिता परिवेश की सराहना की।

भारत एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लेने आए पिचाई ने ‘अगले सुंदर’ के भारत में ही रुकने और यहीं से एक विश्व स्तरीय कंपनी बनाने के लिए जरूरी बदलावों के सवाल पर कहा कि यह बदलाव पहले ही शुरू हो चुका है।

उन्होंने फ्लिपकार्ट और ओयो जैसी स्टार्टअप कंपनियों का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत सफल और असाधारण कंपनियां तैयार कर रहा है।

पिचाई ने कहा, ‘यह पहले ही बदल चुका है। जब आप फ्लिपकार्ट और ओयो जैसी कंपनियों को देखते हैं, तो ये सभी यहीं की स्वदेशी कंपनियां हैं और बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं।’

उन्होंने कहा कि बेंगलुरु जैसे केंद्रों में डेवलपर की ऊर्जा अद्वितीय है और यहां का उद्यमिता परिवेश ‘फलता-फूलता’ है।

पिचाई ने एआई क्षेत्र में प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘सर्वम’ जैसी कंपनियों द्वारा स्थानीय एआई मॉडल विकसित करना यह दर्शाता है कि उन्नत नवाचार अब घरेलू स्तर पर हो रहा है।

उन्होंने कहा कि उन्हें भारत द्वारा विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धी एआई कंपनियां बनाने में कोई बाधा नजर नहीं आती और देश इसके लिए मजबूत स्थिति में है।

पिचाई ने अंत में कहा कि हाल ही में ‘सर्वम’ का काम इस बात का प्रमाण है कि जिसकी आप बात कर रहे हैं वह वास्तव में हो रहा है। मुझे इसमें कोई बाधा नहीं दिखती।

भाषा सुमित अजय

अजय