कोलकाता, 18 फरवरी (भाषा) इटली के नियमित कप्तान वेन मैडसेन ने बुधवार को यहां पुष्टि की कि वह वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 विश्व कप के टीम के अंतिम मैच में नहीं खेल पाएंगे। उनका कंधा सात फरवरी को स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच में खिसक गया था।
मैडसेन स्कॉटलैंड के खिलाफ पदार्पण मैच के बाद से कोई मैच नहीं खेल पाए हैं और उन्होंने कहा कि वह इस अंतिम मुकाबले में भी नहीं खेलेंगे।
मैडसने ने कहा, ‘‘कल के लिए मैं फिट नहीं रहूंगा। मैंने तैयार रहने की कोशिश की है। मेरी उम्र के हिसाब से मेरे खेलने के लिए ज्यादा विश्व कप नहीं बचे हैं। इसलिए मैंने मैच के लिए तैयार रहने की पूरी कोशिश की है। लेकिन ऐसा नहीं हुआ क्योंकि कंधा ठीक नहीं लग रहा है। ’’
पदार्पण कर रही इटली ने अपने अभियान में एकमात्र जीत नेपाल के खिलाफ दर्ज की जिसमें उसने 10 विकेट से जीत हासिल की।
वहीं इटली के मुख्य कोच जॉन डेविसन ने कहा कि वैश्विक टूर्नामेंट में अभ्यास मैचों को भी आधिकारिक मुकाबलों का दर्ज मिलना चाहिए ताकि एसोसिएट देशों को रैंकिंग में सुधार करने का मौका मिल सके।
उन्होंने अपनी टीम के अंतिम मैच से पहले कहा, ‘‘कम क्रिकेट खेलने वाले देशों को रैंकिंग में सुधार करने का मौका ही नहीं मिलता इसलिए इन अभ्यास मैचों को आधिकारिक मैच का दर्जा दिया जाना चाहिए। ’’
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर