नयी दिल्ली, 14 फरवरी (भाषा) अंतरिक्ष विभाग की वाणिज्यिक इकाई ‘न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड’ (एनएसआईएल) बेंगलुरु स्थित निजी अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी कंपनी ‘गैलेक्सआई’ के उत्पादों की बिक्री करेगी जिनमें उन्नत उपग्रह इमेजरी समाधान भी शामिल हैं।
अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि इस संबंध में दोनों संस्थाओं के बीच एक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
समझौते में शामिल उत्पादों में ‘सिंकफ्यूज्ड ऑप्टो-सार’ डेटा उत्पाद भी शामिल हैं जिन्हें कृषि, आपदा प्रबंधन और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सटीक जानकारी प्रदान करने के लिए तैयार किया गया है।
गैलेक्सआई स्पेस के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुयश सिंह ने कहा, ‘एनएसआईएल के साथ सहयोग हमें देश की रणनीतिक और विकासात्मक प्राथमिकताओं में योगदान देने के साथ उपयोगकर्ताओं के एक बड़े समूह तक उन्नत ‘अर्थ ऑब्जर्वेशन’ क्षमताएं पहुंचाने में मदद करेगा।’
अधिकारियों ने कहा कि इस समझौते के साथ ‘गैलेक्सआई’ डेटा पुनर्विक्रय साझेदारी के तहत एनएसआईएल के साथ औपचारिक रूप से जुड़ने वाली पहली निजी भारतीय उपग्रह संचालक बन गई है।
एक अधिकारी ने कहा, ‘यह समझौता भारत की अंतरिक्ष नीति में एक मील का पत्थर है, जहां सरकारी निकाय और निजी उद्यम नवाचार को बढ़ावा देने, वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने और अंतरिक्ष क्षेत्र में सतत विकास सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।’
भाषा सुमित प्रेम
प्रेम
प्रेम