ओडिशा के मुख्यमंत्री गुजरात के तीन दिवसीय व्यावसायिक दौरे पर
ओडिशा के मुख्यमंत्री गुजरात के तीन दिवसीय व्यावसायिक दौरे पर
भुवनेश्वर, पांच मई (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को गुजरात के तीन दिवसीय व्यावसायिक दौरे की शुरुआत की। इस दौरान वे राज्य में निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से उद्योग जगत के लोगों के साथ मुलाकात करेंगे।
माझी के साथ उद्योग, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री संपद चंद्र स्वैन और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भी गुजरात गए हैं।
उद्योग विभाग द्वारा जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि यह दौरा वस्त्र, रसायन व पेट्रोरसायन, धातु तथा दवा क्षेत्र पर केंद्रित होगा।
माझी ने कहा कि मजबूत बुनियादी ढांचे और कुशल कार्यबल के साथ ओडिशा तेजी से एक पसंदीदा निवेश गंतव्य के रूप में उभर रहा है और उनका गुजरात दौरा राज्य के लोगों के लिए नए अवसर खोलेगा, साथ ही प्रमुख क्षेत्रों में रोजगार सृजित करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ हम इस तीन दिवसीय दौरे को निवेश आकर्षित करने और उद्योग भागीदारों को 2036 तक समृद्ध ओडिशा की विकास यात्रा का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित करने के एक महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में देखते हैं।’’
अधिकारियों ने बताया कि हैदराबाद और कोलकाता में ‘‘सफल रोडशो’’ के बाद गुजरात का दौरा किया जा रहा है।
बयान के अनुसार, पांच मई को अहमदाबाद में एक प्रमुख निवेशक रोडशो आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद शीर्ष उद्योगपतियों के साथ गोलमेज चर्चा और अग्रणी उद्योग कंपनियों के साथ बैठकें होंगी।
प्रतिनिधिमंडल छह मई को मुंद्रा बंदरगाह का दौरा करेगा ताकि लॉजिस्टिक्स एवं बंदरगाह आधारित उद्योगों में अवसरों का पता लगाया जा सके।
वडोदरा में सात मई को निवेशक संवाद के माध्यम से पूंजीगत वस्तु विनिर्माताओं के साथ उद्योग जुड़ाव को और विस्तार दिया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल केवड़िया का भी दौरा करेगा।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


