ओएनजीसी को ओडिशा तट के पास गहरे समुद्र में मिला गैस भंडार
ओएनजीसी को ओडिशा तट के पास गहरे समुद्र में मिला गैस भंडार
नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस कंपनी ओएनजीसी ने सोमवार को कहा कि उसे ओडिशा तट के पास गहरे समुद्र में प्राकृतिक गैस का भंडार मिला है। व्यावसायिक रूप से व्यावहारिक पाए जाने पर इस खोज का तेजी से विकास और दोहन किया जा सकता है।
ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) ने बयान में कहा कि कंपनी ने गहरे समुद्री अन्वेषण अभियान ‘समुद्र मंथन’ के तहत कोणार्क से करीब 43 किलोमीटर दूर महानदी अपतटीय बेसिन के ‘एमएन-डीडब्ल्यू18-1-एच-डी’ कुएं में 18 सितंबर को यह खोज की।
कंपनी ने बताया कि महानदी बेसिन में अभियान के तहत खोदा गया यह उसका पहला कुआं है। इसे 1,623 मीटर की लक्षित गहराई तक खोदा गया और 1,441 से 1,452 मीटर की गहराई पर गैस मिली।
ओएनजीसी के अनुसार, कुएं से पिछले तीन दिनों से गैस निकल रही है और इसका प्रवाह एवं दबाव उत्साहजनक बना हुआ है। हालांकि, यह खोज आगे के मूल्यांकन और व्यावसायिक आकलन के अधीन है।
कंपनी ने कहा कि ओडिशा तट से अपेक्षाकृत कम दूरी होने के कारण इस खोज का तेजी से मौद्रीकरण किया जा सकता है, बशर्ते यह व्यावसायिक रूप से व्यावहारिक साबित हो।
बयान के मुताबिक, ऐसे विकास को पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस नियम, 2025 के तहत मदद मिल सकती है। इस नियम के तहत साझा बुनियादी ढांचे के जरिये क्षेत्र के गहरे समुद्री संसाधनों को उत्पादन में लाया जा सकता है।
भाषा पाण्डेय प्रेम
प्रेम

Facebook


