प्रतिस्पर्धा के दबाव के बावजूद पेंट कंपनियों को चौथी तिमाही में मांग में सुधार की उम्मीद

प्रतिस्पर्धा के दबाव के बावजूद पेंट कंपनियों को चौथी तिमाही में मांग में सुधार की उम्मीद

प्रतिस्पर्धा के दबाव के बावजूद पेंट कंपनियों को चौथी तिमाही में मांग में सुधार की उम्मीद
Modified Date: March 1, 2026 / 01:10 pm IST
Published Date: March 1, 2026 1:10 pm IST

नयी दिल्ली, एक मार्च (भाषा) देश के बड़े पेंट विनिर्माताओं का मानना है कि आने वाले महीनों में भी प्रतिस्पर्धा का दबाव बना रहेगा। हालांकि, पेंट कंपनियों को भरोसा है कि उन्हें मार्च तिमाही में मांग और मात्रा में वृद्धि के साथ मार्जिन में सुधार देखने को मिलेगा।

एशियन पेंट्स, कंसाई नेरोलैक, बर्जर पेंट्स और एक्जोनोबल इंडिया जैसी बड़ी पेंट कंपनियों के शीर्ष प्रबंधन ने अपने परिणामों की घोषणा के दौरान अक्टूबर में बिक्री पर असर और नवंबर और दिसंबर में लगातार सुधार की बात कही है।

इन कंपनियों का कहना है कि मानसून अधिक समय तक रहने और त्योहारी सीजन छोटा रहने से भी दिसंबर तिमाही में उनकी बिक्री प्रभावित हुई है।

हालांकि, पेंट कंपनियां सतर्क रुख के साथ चक्रीय सुधार, अवसंरचना पर जोर और टिकाऊ उपभोक्ता खपत को लेकर आशान्वित हैं। उन्हें भरोसा है कि इससे कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच मात्रा में वृद्धि दर्ज होगी।

एशियन पेंट्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अमित सिंगले ने कहा कि बाजार में प्रतिस्पर्धा का दबाव बना हुआ है और इसमें कोई सुधार के संकेत नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि कंपनी मूल्य आधारित लाभ के बजाय संरचनात्मक लागत कटौती पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

छोटे त्योहारी सीजन और लंबे मॉनसून के बावजूद पेंट खंड की अगुवा एशियन पेंट्स ने ऊंची एकल अंक वृद्धि दर्ज की है।

उन्होंने कहा, ‘‘बाजार में बदलाव देखने के लिए हमें एक या दो तिमाहियों तक और इंतजार करना होगा।’’

कंसाई नेरोलैक पेंट्स के प्रबंध निदेशक प्रवीण चौधरी ने कहा कि दिवाली त्योहार की अवधि छोटी होने की वजह से अक्टूबर में सुस्ती के बाद नवंबर और दिसंबर में कंपनी ने तेज सुधार किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘तो, हम देख रहे हैं कि वृद्धि की रफ्तार अच्छी है। हमें उम्मीद है कि चौथी तिमाही में भी यह जारी रहेगी।’’

चौधरी ने कहा कि माल एवं सेवा कर (जीएसटी) को सुसंगत किए जाने से बनी मांग की रफ्तार चौथी तिमाही में भी जारी रहने की उम्मीद है।

बर्जर पेंट्स इंडिया के प्रबंध निदेशक और सीईओ अभिजीत रॉय ने कहा कि मांग की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार के शुरुआती संकेत दिख रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘तो, अक्टूबर नकारात्मक था, नवंबर थोड़ा सकारात्मक, दिसंबर ज्यादा सकारात्मक, जनवरी, दिसंबर से थोड़ा ज्यादा सकारात्मक। इसलिए महीने-दर-महीने सुधार हो रहा है।

एक्जोनोबल इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक राजीव राजगोपाल ने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि प्रतिस्पर्धा का दबाव कुछ तिमाहियों तक जारी रहेगा।’’

राजगोपाल को उम्मीद है कि यदि कोई बाहरी रुकावट नहीं आती है तो चौथी तिमाही काफी मजबूत रहेगी।

भारतीय पेंट बाजार की प्रमुख कंपनियों में एशियन पेंट्स, बर्जर, कंसाई नेरोलैक, एक्जो नोबल इंडिया (डुलक्स), इंडिगो पेंट्स, शालीमार पेंट्स और निप्पॉन पेंट्स शामिल हैं।

भाषा अजय अजय

अजय


लेखक के बारे में