चीन की कंपनी की चेतावनी के बाद पाकिस्तान ने गधे के मांस के निर्यात को मंजूरी दी
चीन की कंपनी की चेतावनी के बाद पाकिस्तान ने गधे के मांस के निर्यात को मंजूरी दी
कराची, चार मई (भाषा) पाकिस्तान ने चीन को गधे के मांस के निर्यात को मंजूरी दे दी है।
चीन की एक कंपनी के संचालन बंद करने की चेतावनी के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय को मामले में हस्तक्षेप करना पड़ा जिसके परिणामस्वरूप यह मंजूरी दी गई।
यह विवाद हैंगेंग ट्रेडिंग कंपनी से जुड़ा है। कंपनी ग्वादर में एक बूचड़खाना संचालित करती है, जहां से गधे का मांस तथा खाल चीन भेजी जाती है। इनका उपयोग चीन में पारंपरिक दवा बनाने में किया जाता है जिसे आमतौर पर खून बढ़ाने एवं त्वचा संबंधी समस्याओं के इलाज के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
यह बंदरगाह शहर चीन समर्थित परियोजनाओं का प्रमुख केंद्र है।
पाकिस्तान सरकार का यह फैसला ऐसे समय आया है जब प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ इस महीने के अंत में निवेश मंच के लिए चीन की यात्रा पर जाने वाले हैं।
सरकारी अनुमान के अनुसार, पाकिस्तान हर साल लगभग 2.16 लाख गधों का मांस एवं खाल निर्यात करता है। मुख्य रूप से चीन को जिससे करीब 30 करोड़ अमेरिकी डॉलर का राजस्व हो सकता है।
कंपनी ने एक मई को सार्वजनिक बयान में कहा था कि ‘‘गैर-बाजार कारकों’’ और परिचालन बाधाओं के कारण उसे पाकिस्तान में अपना काम बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, यह विवाद पाकिस्तान के राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मंत्रालय और पशु संगरोध (क्वारंटीन) विभाग से लंबित मंजूरियों को लेकर था जो पशुधन निर्यात को नियंत्रित करता है। ये मंजूरियां कई महीनों से लंबित थीं।
कंपनी के बयान के बाद प्रधानमंत्री के सलाहकार तौकिर शाह ने हस्तक्षेप किया और मामले को प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचाया।
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को प्रधानमंत्री कार्यालय के हस्तक्षेप के बाद मंजूरी प्रक्रिया तेज कर दी गई। इसके अगले ही दिन पाकिस्तान के मंत्रिमंडल ने गधे के मांस के निर्यात को मंजूरी दे दी, जिसके बाद पशु संगरोध (क्वारंटीन) विभाग ने आवश्यक अनुमति जारी कर दी।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


