‘मेलोडी’ वीडियो के बाद टॉफी बनाने वाली कंपनी के भ्रम में पार्ले इंडस्ट्रीज के शेयर में तेज लिवाली

‘मेलोडी’ वीडियो के बाद टॉफी बनाने वाली कंपनी के भ्रम में पार्ले इंडस्ट्रीज के शेयर में तेज लिवाली

‘मेलोडी’ वीडियो के बाद टॉफी बनाने वाली कंपनी के भ्रम में पार्ले इंडस्ट्रीज के शेयर में तेज लिवाली
Modified Date: May 20, 2026 / 06:46 pm IST
Published Date: May 20, 2026 6:46 pm IST

नयी दिल्ली, 20 मई (भाषा) ‘मेलोडी’ वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद टॉफी बनाने वाली कंपनी समझ निवेशकों ने पार्ले इंडस्ट्रीज लि. के शेयर में बुधवार को जोरदार लिवाली की। कंपनी का शेयर पांच प्रतिशत चढ़कर ऊपरी सर्किट सीमा पर पहुंच गया।

हालांकि, पार्ले इंडस्ट्रीज मेलोडी टॉफी नहीं बनाती। इसी नाम की पार्ले प्रोडक्ट्स मेलोडी टॉफी बनाती है और वह सूचीबद्ध नहीं है।

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उन्हें मेलोडी टॉफी का पैकेट उपहार में देने का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। उसके बाद निवेशकों की कंपनी के शेयर में दिलचस्पी अचानक बढ़ गई।

कंपनी के शेयर की शुरुआत धीमी रही। लेकिन मेलोनी द्वारा वीडियो साझा करने के तुरंत बाद उनमें तेजी आ गई। वीडियो में मेलोनी कहती सुनाई दे रही हैं, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी उपहार में बहुत ही बढ़िया टॉफी लाए हैं…।’’

निवेशकों ने जरा भी देर नहीं की और शेयर खरीदने के लिए बाजार में उमड़ पड़े।

बीएसई में कंपनी का शेयर पांच प्रतिशत बढ़कर 5.25 रुपये पर पहुंच गया जो उस दिन की उच्चतम कारोबारी सीमा थी। मात्रा के हिसाब से, बीएसई में कंपनी के 8.57 लाख शेयरों का कारोबार हुआ।

हालांकि, निवेशकों ने गलती से पार्ले इंडस्ट्रीज को मेलोडी टॉफी बनाने वाली कंपनी समझ लिया।

दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली पार्ले प्रोडक्ट्स मेलोडी टॉफी बनाती है और शेयर बाजार में सूचीबद्ध नहीं है।

पार्ले प्रोडक्ट्स के अन्य प्रसिद्ध ब्रांड में पार्ले-जी, मोनाको, क्रैकजैक, हाइड एंड सीक, कच्चा मैंगो बाइट आदि शामिल हैं।

पार्ले इंडस्ट्रीज एक विविध वाणिज्यिक सेवा प्रदाता कंपनी है, जो बुनियादी ढांचा एवं रियल एस्टेट संपत्ति तथा कागज, अपशिष्ट कागज और संबंधित उत्पादों के कारोबार में लगी हुई है।

भाषा रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में