यात्री वाहनों की बिक्री ने अगस्त में पकड़ी रफ्तार, 35 प्रतिशत बढ़कर 4.5 लाख इकाई पर
यात्री वाहनों की बिक्री ने अगस्त में पकड़ी रफ्तार, 35 प्रतिशत बढ़कर 4.5 लाख इकाई पर
नयी दिल्ली, एक सितंबर (भाषा) भारत में यात्री वाहनों की घरेलू बिक्री अगस्त में करीब 35 प्रतिशत बढ़कर लगभग 4.5 लाख इकाई रहने का अनुमान है। मारुति सुजुकी इंडिया, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसी कंपनियों की मजबूत बिक्री से वाहन उद्योग को गति मिली है।
मारुति सुजुकी इंडिया के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी (विपणन एवं बिक्री) पार्थो बनर्जी ने संवाददाताओं कहा कि पिछले साल माल एवं सेवा कर (जीएसटी) में कटौती, आयकर में छूट और रेपो दर में कटौती से पैदा हुई मांग की गति का वाहन उद्योग को लगातार लाभ मिल रहा है तथा वह त्योहारों के दौरान अच्छे कारोबार की उम्मीद कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अनुमान है कि इस साल अगस्त में उद्योग का आंकड़ा करीब 4.5 लाख इकाई से अधिक रहा होगा, जिसमें 2,000 से 3,000 इकाई कम या ज्यादा हो सकती है। पिछले साल अगस्त में यह आंकड़ा करीब 3.3 लाख इकाई रहा था।’’
बनर्जी के अनुसार, उद्योग की वृद्धि के तीन प्रमुख कारण हैं। इसमें जीएसटी 2.0, रेपो दर में कटौती से ईएमआई यानी मासिक किस्त में कमी और 12 लाख रुपये तक की आय पर आयकर छूट शामिल हैं।
बाजार की अग्रणी कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया की घरेलू बिक्री अगस्त में 34.8 प्रतिशत बढ़कर 1,76,971 इकाई हो गई, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 1,31,278 इकाई थी।
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (टीएमपीवीएल) की घरेलू यात्री वाहन बिक्री अगस्त में 59 प्रतिशत बढ़कर 65,253 इकाई रही, जबकि अगस्त, 2025 में यह 41,001 इकाई थी।
महिंद्रा एंड महिंद्रा की घरेलू यात्री वाहन बिक्री भी अगस्त में करीब 50 प्रतिशत बढ़कर 59,257 इकाई हो गई, जबकि पिछले साल समीक्षाधीन महीने में यह 39,399 इकाई थी।
हुंदै मोटर इंडिया लिमिटेड की घरेलू बिक्री अगस्त में 23.6 प्रतिशत बढ़कर 54,396 इकाई हो गई।
कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) तरुण गर्ग ने कहा कि अगस्त, 2026 में कंपनी की घरेलू बिक्री किसी भी साल के इसी महीने में अब तक की सर्वाधिक बिक्री रही।
किआ इंडिया की थोक बिक्री अगस्त में 48.1 प्रतिशत बढ़कर 29,042 इकाई रही, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 19,608 इकाई थी।
जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया की अगस्त में थोक बिक्री सालाना आधार पर 14 प्रतिशत बढ़कर 7,508 इकाई रही। वहीं, निसान मोटर इंडिया की घरेलू थोक बिक्री 147.5 प्रतिशत बढ़कर 3,426 इकाई हो गई, जबकि पिछले साल अगस्त में यह 1,384 इकाई थी।
भाषा यासिर अजय
अजय

Facebook


