सोशल मीडिया पर जताई जा रही चिंताओं के बीच पेट्रोलियम कंपनियों ने ईंधन गुणवत्ता की जांच तेज की
सोशल मीडिया पर जताई जा रही चिंताओं के बीच पेट्रोलियम कंपनियों ने ईंधन गुणवत्ता की जांच तेज की
नयी दिल्ली, 14 जुलाई (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियां – इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने देश भर में अपने खुदरा पंप पर ईंधन गुणवत्ता की जांच तेज कर दी है।
इन कंपनियों ने ये कदम सोशल मीडिया पर ईंधन की गुणवत्ता को लेकर प्रसारित हो रहीं चिंताओं के बीच ग्राहकों को भरोसा दिलाने के लिए उठाएं हैं।
आईओसी ने कहा कि उसने पिछले सप्ताह अपने खुदरा पंप पर करीब 10,000 औचक निरीक्षण किए और 8,500 से अधिक ईंधन गुणवत्ता परीक्षण किए हैं।
कंपनी ने बयान में कहा, ‘‘इंडियन ऑयल के लिए ईंधन की गुणवत्ता बहुत जरूरी है। हमारी टीम हर रोज पूरे देश में यह सुनिश्चित करने के लिए काम करती है कि ग्राहकों को ऐसा ईंधन मिले जो तय गुणवत्ता मानकों को पूरा करता हो।’’
देश की सबसे बड़ी ईंधन खुदरा विक्रेता कंपनी ने कहा है कि वह ईंधन में मिलावट, अशुद्धि और तय गुणवत्ता मानक के उल्लंघन के लिए किसी भी तरह से बर्दाश्त नहीं किए जाने की नीति अपनाती है तथा जो डीलर अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करते पाए जाते हैं, उनके खिलाफ़ सख़्त कार्रवाई की जाती है।
बीपीसीएल ने कहा कि उसने तीन जुलाई से 13 जुलाई के बीच अपने खुदरा पंप पर 932 निरीक्षण किए। कंपनी के गुणवत्ता नियंत्रण प्रकोष्ठ ने 111 और निरीक्षण किए, जबकि निरीक्षण आश्वासन विभाग ने अपने मोबाइल लेबोरेटरी नेटवर्क के जरिये 50 औचक नमूने लिए एवं मौके पर जांच की प्रक्रिया की।
एचपीसीएल ने कहा कि उसने तीन जुलाई से 13 जुलाई के बीच 1,385 नियमित निरीक्षण करने के अलावा, एथनॉल मिश्रण के नियमों का पालन हो रहा है या नहीं, यह जांचने के लिए सात जुलाई से 13 जुलाई के बीच 2,173 औचक निरीक्षण किए। इसके अलावा, कंपनी के गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ ने भी 93 औचक निरीक्षण किए तथा मोबाइल लैब का इस्तेमाल करके ईंधन के 49 नमूनों की जांच की।
कंपनी ने कहा कि निगरानी के दौरान खुदरा पंप में मिलावट, गंभीर अनियमितताओं या गुणवत्ता मानकों के पालन में किसी भी तरह की चूक का कोई मामला नहीं पाया गया।
इन पेट्रोलियम कंपनियों ने ग्राहकों से अपील की है कि वे ईंधन गुणवत्ता से जुड़ी किसी भी शिकायत को सीधे पेट्रोल पंप या कंपनी के ग्राहक सेवा माध्यमों से दर्ज कराएं और अपुष्ट सोशल मीडिया पोस्ट पर भरोसा न करें।
भाषा यासिर अजय
अजय

Facebook


