प्रधानमंत्री मोदी 28 फरवरी को माइक्रॉन के सेमीकंडक्टर संयंत्र का करेंगे उद्घाटन

Ads

प्रधानमंत्री मोदी 28 फरवरी को माइक्रॉन के सेमीकंडक्टर संयंत्र का करेंगे उद्घाटन

  •  
  • Publish Date - February 26, 2026 / 07:40 PM IST,
    Updated On - February 26, 2026 / 07:40 PM IST

अहमदाबाद, 26 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 फरवरी को अहमदाबाद के निकट साणंद में अमेरिकी चिप विनिर्माता माइक्रॉन टेक्नोलॉजीज के सेमीकंडक्टर असेंबली एवं परीक्षण संयंत्र का उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना में 22,516 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है।

गुजरात सरकार के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। यह अत्याधुनिक एटीएमपी (असेंबली, टेस्टिंग, मार्किंग और पैकेजिंग) संयंत्र है।

जून, 2023 में राज्य सरकार और माइक्रॉन ने 2.75 अरब डॉलर के इस संयंत्र के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए थे। माइक्रॉन के चेयरमैन, अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) संजय मेहरोत्रा ने कहा कि एआई प्रणालियां मजबूत मेमोरी और स्टोरेज समर्थन पर निर्भर करती हैं और तत्काल प्रतिक्रिया देने वाली प्रौद्योगिकी के लिए उन्नत मेमोरी समाधान की जरूरत लगातार बढ़ रही है।

राज्य सरकार के बयान के मुताबिक, फिलहाल संयंत्र में 2,000 लोग कार्यरत हैं और आगे चलकर 5,000 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे। परियोजना से लगभग 15,000 अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी पैदा होने की संभावना है।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय