पीएनबी तीसरी तिमाही से अधिग्रहण वित्तपोषण कारोबार में रखेगा कदमः प्रबंध निदेशक

Ads

पीएनबी तीसरी तिमाही से अधिग्रहण वित्तपोषण कारोबार में रखेगा कदमः प्रबंध निदेशक

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 04:59 PM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 04:59 PM IST

नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अशोक चंद्रा ने कहा है कि बैंक चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही से अधिग्रहण वित्तपोषण कारोबार में कदम रखेगा।

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने हाल ही में बैंकों को अधिग्रहण वित्तपोषण क्षेत्र में उतरने की मंजूरी दी है।

आरबीआई के अधिग्रहण वित्तपोषण पर जारी अंतिम दिशानिर्देश के तहत ऋण सीमा को सौदे के मूल्य के 70 प्रतिशत से बढ़ाकर 75 प्रतिशत तक कर दिया गया।

चंद्रा ने पीटीआई-भाषा के साथ बातचीत में कहा, “अधिग्रहण वित्तपोषण का बाजार बहुत बड़ा है और इसमें पर्याप्त अवसर मौजूद हैं। हाल ही में निदेशक मंडल की बैठक में इसके लिए नीति को मंजूरी दी गई है।”

उन्होंने कहा, ‘‘हम एक उपयुक्त भागीदार की तलाश कर रहे हैं और संभवतः तीसरी तिमाही से इस क्षेत्र में काम शुरू कर देंगे।’’

उन्होंने कहा कि बैंक शुरुआत में घरेलू कंपनियों के लिए इस तरह का वित्तपोषण शुरू करेगा, जिससे उसकी परिसंपत्ति पोर्टफोलियो में विविधता आएगी।

विदेशी मुद्रा जमा (एफसीएनआर) जुटाने के अभियान के बारे में पूछे जाने पर चंद्रा ने कहा कि 17 जुलाई तक बैंक 42.5 करोड़ डॉलर की विदेशी मुद्रा जुटा चुका है।

उन्होंने कहा, “हम 30 सितंबर तक एफसीएनआर (बी) जमा के रूप में 2.5 अरब डॉलर जुटाने का लक्ष्य रखते हैं।”

पीएनबी वर्तमान में एफसीएनआर (बी) जमा पर अवधि और राशि के आधार पर 4.9 से 6.5 प्रतिशत तक ब्याज दर की पेशकश कर रहा है।

पिछले सप्ताह, पीएनबी ने अप्रैल-जून तिमाही के लिए अपने एकल शुद्ध लाभ में तीन गुना से अधिक वृद्धि दर्ज करते हुए 5,253 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय