विदेश यात्रा टालने से घरेलू पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ेगा: एचएआई

Ads

विदेश यात्रा टालने से घरेलू पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ेगा: एचएआई

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 09:09 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 09:09 PM IST

नयी दिल्ली, 12 मई (भाषा) होटल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एचएआई) ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नागरिकों से अनावश्यक विदेश यात्रा टालने की अपील का स्वागत किया। एसोसिएशन ने कहा कि इससे घरेलू पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे विदेशी मुद्रा भंडार बनाने में मदद मिलेगी।

एचएआई के अध्यक्ष के बी कचरू ने कहा कि मौजूदा अस्थिर भू-राजनीतिक माहौल में, एक मज़बूत घरेलू पर्यटन विदेशी मुद्रा बचाने में योगदान देगा, साथ ही एक अधिक टिकाऊ और आत्मनिर्भर यात्रा पारिस्थितिकी तंत्र बनाने में भी मदद करेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘साथ ही, सरकार को विदेशियों की भारत यात्रा को प्रोत्साहित करने और समर्थन देने की भी ज़रूरत है, जिससे देश के लिए विदेशी मुद्रा भंडार बनाने में मदद मिलेगी।’’

काचरू के अनुसार, घरेलू यात्रा बढ़ने से पूरे देश में होटल, रिजॉर्ट, स्थानीय जगहों और क्षेत्रीय पर्यटन अनुभवों की मांग बढ़ने की उम्मीद है।

यह छोटे पर्यटन व्यवसायों का समर्थन करके रोज़गार सृजन को और मज़बूत कर सकता है, और दूसरी और तीसरी श्रेणी के शहरों में विकास की गति तेज कर सकता है।

एचएआई अध्यक्ष ने कहा, ‘‘भारत का घरेलू यात्रा बाजार वैश्विक स्तर पर सबसे मजबूत मांग इंजन में से एक के रूप में उभरा है, जो महानगरों के साथ-साथ दूसरी और तीसरी श्रेणी के शहरों पर भी आतिथ्य कारोबार के विकास, रोजगार सृजन और बुनियादी ढांचे के उपयोग को बढ़ावा दे रहा है।’’

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय