ठाणे में होर्डिंग गिरने के मामले में विज्ञापन एजेंसी और इंजीनियर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

Ads

ठाणे में होर्डिंग गिरने के मामले में विज्ञापन एजेंसी और इंजीनियर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

  •  
  • Publish Date - July 15, 2026 / 11:37 AM IST,
    Updated On - July 15, 2026 / 11:37 AM IST

ठाणे, 15 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक होर्डिंग गिरने की घटना के सिलसिले में पुलिस ने एक विज्ञापन एजेंसी और एक इंजीनियर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि छह जुलाई को हुई इस घटना के बाद ठाणे नगर निगम (टीएमसी) ने संबंधित विज्ञापन एजेंसी को होर्डिंग लगाने की दी गई अनुमति भी रद्द कर दी है।

उन्होंने बताया कि वर्तक नगर के सुभाष नगर क्षेत्र में सड़क के डिवाइडर पर लगाया गया विज्ञापन होर्डिंग गिर गया था। हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

टीएमसी ने एक विज्ञप्ति में कहा कि सुरक्षा में हुई गंभीर चूक को देखते हुए संबंधित होर्डिंग की अनुमति रद्द कर दी गई है। विज्ञापन एजेंसी और संबंधित ‘स्ट्रक्चरल इंजीनियर’ के खिलाफ लोगों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

विज्ञप्ति के अनुसार, नगर निगम की ‘चौराहा सौंदर्यीकरण योजना’ के तहत शहर के विभिन्न चौराहों के विकास के बदले एजेंसी को यह होर्डिंग लगाने की अनुमति दी गई थी। संरचनात्मक ऑडिट के बाद एजेंसी ने छह जून को एक स्ट्रक्चरल इंजीनियर द्वारा जारी नया संरचनात्मक स्थिरता प्रमाणपत्र भी जमा कराया था।

टीएमसी ने कहा कि वैध स्थिरता प्रमाणपत्र होने के बावजूद होर्डिंग गिरने के कारण मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

होर्डिंग गिरने की घटना के बाद नगर निगम ने ठाणे में सभी अधिकृत होर्डिंग का निरीक्षण अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान दो स्थानों पर लगे होर्डिंग खतरनाक स्थिति में पाए ग, जिसके बाद उन्हें तत्काल हटाया गया।

नगर निगम ने शहर के सभी विज्ञापन लाइसेंसधारकों को निर्देश दिया है कि वे अपने होर्डिंग की संरचनात्मक मजबूती की जांच करें, मानसून के दौरान आवश्यकतानुसार विज्ञापन शीट हटाएं।

13 जुलाई को ठाणे के मुलुंड चेक नाका के निकट एक पैदल पुल से लगा एक विशाल बैनर भी गिर गया था।

इसके बाद ठाणे से विधायक एवं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने नगर निगम को शहर के सभी अवैध होर्डिंग तत्काल हटाने और बड़े विज्ञापन होर्डिंग का संरचनात्मक ऑडिट कराने का निर्देश दिया।

उल्लेखनीय है कि मई 2024 में मुंबई के घाटकोपर क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप पर होर्डिंग गिरने की घटना में 17 लोगों की मौत हो गई थी।

भाषा

मनीषा सिम्मी

सिम्मी