प्रणीथा इकोकेबल्स अक्टूबर से शुरू करेगी सौर केबल का उत्पादन

Ads

प्रणीथा इकोकेबल्स अक्टूबर से शुरू करेगी सौर केबल का उत्पादन

  •  
  • Publish Date - September 23, 2026 / 08:07 PM IST,
    Updated On - September 23, 2026 / 08:07 PM IST

नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) गुजरात की तार एवं केबल विनिर्माता कंपनी प्रणीथा इकोकेबल्स लि. अक्टूबर से गुजरात के साणंद स्थित अपने संयंत्र में सौर केबल का उत्पादन शुरू करने की योजना बना रही है। कंपनी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

कंपनी ने कहा कि उसने अपने नए कारखाने में वाणिज्यिक उत्पादन शुरू कर दिया है और 20 सितंबर को बिना प्लास्टिक कवर वाले तांबे के तार की पहली खेप भेजी।

प्रणीथा इकोकेबल्स के निदेशक प्रांजल गोयल ने बयान में कहा कि कंपनी अक्टूबर में सौर केबल का उत्पादन शुरू करेगी और इसके बाद नवंबर में भवन निर्माण में इस्तेमाल होने वाले तार तथा लचीले केबल का उत्पादन शुरू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद सुनिश्चित करने के लिए कंपनी अपनी तांबे की पूरी जरूरत कच्छ कॉपर लि. से पूरी करेगी। कच्छ कॉपर अदाणी समूह की कंपनी है और देश की सबसे बड़ी तांबा गलाने वाली इकाई का संचालन करती है।

गोयल ने कहा कि कंपनी पूरे देश में वितरक नेटवर्क स्थापित करने की भी योजना बना रही है। उसका लक्ष्य भारत के तेजी से बढ़ते तार एवं केबल उद्योग में बड़ी हिस्सेदारी हासिल करना है, जिसका मौजूदा मूल्य एक लाख करोड़ रुपये से अधिक है।

उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के 2030 तक करीब 1.6 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है। इससे गुणवत्ता पर ध्यान देने वाली विनिर्माता कंपनियों के लिए बड़े अवसर होंगे।

प्रणीथा इकोकेबल्स, अदाणी समूह की तांबा इकाई कच्छ कॉपर लि. और प्रणीता वेंचर्स का संयुक्त उद्यम है। इसमें दोनों कंपनियों की बराबर-बराबर हिस्सेदारी है।

भाषा रमण अजय

अजय