प्रीमियम हैचबैक खंड में वृद्धि जारी रहने की उम्मीद: मारुति सुजुकी अधिकारी
प्रीमियम हैचबैक खंड में वृद्धि जारी रहने की उम्मीद: मारुति सुजुकी अधिकारी
नयी दिल्ली, पांच सितंबर (भाषा) भारतीय यात्री वाहन बाजार में प्रीमियम हैचबैक खंड की वृद्धि जारी रहने की उम्मीद है, भले ही ग्राहकों के बीच स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) सबसे पसंदीदा वाहन बना हुआ है। मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह बात कही।
मारुति सुजुकी इंडिया के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी (विपणन एवं बिक्री) पार्थो बनर्जी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि कंपनी ने अपनी प्रीमियम हैचबैक बलेनो का नया संस्करण पेश किया है, जिसकी शुरुआती विशेष त्योहारी कीमत बेंगलुरु में 6.09 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है।
उनका मानना है कि देश में यात्री वाहनों की कुल बिक्री सालाना 63 लाख इकाइयों तक पहुंचने के अनुमान के बीच प्रीमियम हैचबैक की बाजार में करीब 35 प्रतिशत हिस्सेदारी हो सकती है।
बनर्जी ने कहा कि माल एवं सेवा कर (जीएसटी) 2.0 लागू होने के समय वाहन उद्योग में कई लोगों का मानना था कि इसका सबसे ज्यादा फायदा एसयूवी को होगा, लेकिन फिलहाल कंपनी की हैचबैक कारों का प्रदर्शन काफी अच्छा है।
उन्होंने कहा, “एसयूवी के लिए बाजार है, लेकिन प्रीमियम हैचबैक के लिए भी बाजार मौजूद है।”
पिछले पांच महीनों में प्रीमियम हैचबैक खंड की बिक्री करीब 2.5 लाख इकाइयां रही है। इस दौरान यात्री वाहन उद्योग की कुल बिक्री करीब 4.4 लाख इकाइयां रही।
उन्होंने कहा, “आज बिकने वाली प्रीमियम हैचबैक में हर तीसरी कार बलेनो है।’’
भाषा यासिर पाण्डेय
पाण्डेय

Facebook


