दक्षिण दिल्ली में एक फ्लोर की कीमत 32 प्रतिशत तक बढ़ी: रिपोर्ट

Ads

दक्षिण दिल्ली में एक फ्लोर की कीमत 32 प्रतिशत तक बढ़ी: रिपोर्ट

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 05:56 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 05:56 PM IST

नयी दिल्ली, 12 मई (भाषा) दक्षिण दिल्ली में बेहतर मांग के दम पर समूचे फ्लोर के दाम जनवरी-मार्च तिमाही में 32 प्रतिशत तक बढ़े। गोल्डन ग्रोथ फंड (जीजीएफ) की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।

दक्षिण दिल्ली में ‘श्रेणी बी’ इलाकों में 23-32 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई जबकि ‘श्रेणी ए’ इलाकों में कीमतें 14-22 प्रतिशत तक बढ़ीं।

मूल्य के संदर्भ में, ‘श्रेणी ए’ में एक फ्लोर की कीमत 19.5 करोड़ रुपये से 40 करोड़ रुपये के बीच है जबकि ‘श्रेणी बी’ इलाकों में यह 10.65 करोड़ रुपये से 16.5 करोड़ रुपये के बीच है।

‘श्रेणी ए’ में मेफेयर गार्डन, पंचशील पार्क, आनंद निकेतन, वसंत विहार, शांति निकेतन, वेस्टएंड, चाणक्यपुरी, गोल्फ लिंक, जोर बाग, सुंदर नगर और महारानी बाग जैसे इलाके शामिल हैं।

‘श्रेणी बी’ के प्रमुख इलाकों में चिराग एन्क्लेव, आनंद लोक, जीके, ग्रीन पार्क, गुलमोहर पार्क, नीति बाग, डिफेंस कॉलोनी, सफदरजंग एन्क्लेव और कैलाश कॉलोनी शामिल हैं।

गोल्डन ग्रोथ फंड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अंकुर जालान ने कहा, ‘‘ श्रेणी बी इलाकों में मार्च तिमाही के दौरान अधिक मजबूत मूल्य वृद्धि देखी गई है जो दक्षिण दिल्ली के प्रीमियम आवास बाजार में बढ़ती मांग को दर्शाती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ हम यह भी देख रहे हैं कि दिल्ली के अन्य हिस्सों से खरीदार इन स्थानों की ओर बढ़ रहे हैं।’’

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने राजधानी के सभी इलाकों को आठ श्रेणियों ए, बी, सी, डी, ई, एफ, जी और एच में विभाजित किया है। संपत्ति पंजीकरण के लिए सर्किल दरें, संपत्ति कर दरें और स्टाम्प शुल्क इन्हीं श्रेणियों पर आधारित हैं।

गोल्डन ग्रोथ फंड द्वितीय श्रेणी का रियल एस्टेट केंद्रित वैकल्पिक निवेश कोष (एआईएफ) है जो दक्षिण और लुटियंस दिल्ली में रियल एस्टेट निवेश पर ध्यान केंद्रित करता है।

भाषा निहारिका अजय

अजय