नयी दिल्ली, आठ अप्रैल (भाषा) ईरान और अमेरिका के बीच युद्धविराम की घोषणा के बाद मालवाहक जहाजों की आवाजाही बढ़ने और आपूर्ति सुधरने की उम्मीद के बीच देश के तेल-तिलहन बाजार में बुधवार को सरसों एवं सोयाबीन तेल-तिलहन, कच्चा पामतेल (सीपीओ) एवं पामोलीन तथा बिनौला तेल के दाम में गिरावट रही।
दूसरी ओर, कम दाम पर किसानों की कमजोर बिकवाली के बीच मूंगफली तेल-तिलहन के दाम स्थिर बने रहे।
युद्धविराम की घोषणा के बाद मलेशिया एक्सचेंज गिरावट के साथ बंद हुआ। यहां दोपहर लगभग चार प्रतिशत की गिरावट देखी गई। शिकॉगो एक्सचेंज में गिरावट जारी है।
बाजार सूत्रों ने कहा कि विदेशों में बाजार टूटने की वजह से सरसों तेल-तिलहन में गिरावट देखी गई। लेकिन इस बात का कोई विशेष असर सरसों पर नहीं आया क्योंकि इसके दाम आयातित खाद्यतेलों के मुकाबले पहले ही 15-20 रुपये किलो सस्ते हैं।
उन्होंने कहा कि सुबह मिलों ने सरसों के दाम 150 रुपये क्विंटल घटाये थे और उसके बाद मंडियों में भी दाम टूट गये। लेकिन जब किसानों ने सस्ते दाम पर अपनी ऊपज को नहीं बेचा तो मंडियों शाम को फिर से इसके दाम 100 रुपये क्विंटल के हिसाब से बढ़ाना पड़ा।
सूत्रों ने कहा कि युद्धविराम की घोषणा के बाद विदेशी बाजारों में आई बड़ी गिरावट के बीच देश में सोयाबीन तेल-तिलहन तथा मलेशिया एक्सचेंज के दोपहर लगभग चार प्रतिशत की गिरावट के बीच सीपीओ एवं पामोलीन तेल कीमतों में भी पर्याप्त गिरावट देखी गई।
गिरावट के इस रुख के अनुरूप बिनौला तेल कीमतों में भी गिरावट रही।
इसके अलावा, कम दाम पर किसानों की कमजोर बिकवाली के बीच मूंगफली तेल-तिलहन के दाम स्थिर बने रहे। सूत्रों ने कहा कि मौजूदा स्थिति हमें इस बात की ओर इशारा करता है कि खाद्यतेलों के मामले में आयात पर निर्भरता घातक साबित हो सकता है।
तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे:
सरसों तिलहन – 6,875-6,900 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली – 7,200-7,675 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) – 17,400 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली रिफाइंड तेल – 2,745-3,045 रुपये प्रति टिन।
सरसों तेल दादरी- 14,500 रुपये प्रति क्विंटल।
सरसों पक्की घानी- 2,410-2,510 रुपये प्रति टिन।
सरसों कच्ची घानी- 2,410-2,555 रुपये प्रति टिन।
सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 16,300 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 15,850 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 13,400 रुपये प्रति क्विंटल।
सीपीओ एक्स-कांडला- 13,300 रुपये प्रति क्विंटल।
बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 15,000 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 15,200 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन एक्स- कांडला- 14,100 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल।
सोयाबीन दाना – 5,675-5,725 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन लूज- 5,350-5,425 रुपये प्रति क्विंटल।
भाषा राजेश राजेश प्रेम
प्रेम