वित्त वर्ष 2025-26 में रेलवे ने रिकॉर्ड 167 करोड़ टन माल की ढुलाई की
वित्त वर्ष 2025-26 में रेलवे ने रिकॉर्ड 167 करोड़ टन माल की ढुलाई की
नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) रेल मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि भारतीय रेल ने वित्त वर्ष 2025-26 में 167 करोड़ टन माल की ढुलाई कर नया रिकॉर्ड बनाया है, जो एक साल पहले के मुकाबले 3.25 प्रतिशत अधिक है।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह उपलब्धि परिचालन दक्षता में सुधार, क्षमता विस्तार और अर्थव्यवस्था के प्रमुख क्षेत्रों द्वारा रेल परिवहन पर बढ़ती निर्भरता को दर्शाती है।
समाप्त वित्त वर्ष में ढुलाई के लिए इस्तेमाल हुए रेल वैगन की संख्या 4.56 प्रतिशत बढ़कर 2,91,86,475 हो गई। यह 2024-25 में 2,79,12,271 वैगन थी।
बयान के मुताबिक, माल ढुलाई में लगातार वृद्धि से यह संकेत मिलता है कि किफायती और विश्वसनीय लॉजिस्टिक समाधान के रूप में रेल परिवहन की मांग बढ़ रही है, जिससे यह थोक वस्तुओं के परिवहन का पसंदीदा माध्यम बनता जा रहा है।
मंत्रालय ने बताया कि उर्वरक (13.49 प्रतिशत) और पिग आयरन एवं इस्पात (13.11 प्रतिशत) जैसे क्षेत्रों ने माल ढुलाई वृद्धि में प्रमुख भूमिका निभाई।
इसके अलावा, बुनियादी ढांचा क्षेत्र से जुड़ी वस्तुओं का भी अहम योगदान रहा। लौह अयस्क का परिवहन 6.74 प्रतिशत बढ़कर 19.01 करोड़ टन हो गया, जबकि सीमेंट की ढुलाई 4.74 प्रतिशत बढ़कर 15.71 करोड़ टन पहुंच गई।
रेल मंत्रालय ने कहा कि ये रुझान देश में जारी बुनियादी ढांचा विकास और निर्माण गतिविधियों को दर्शाते हैं, जहां रेलवे एक महत्वपूर्ण लॉजिस्टिक भागीदार के रूप में भूमिका निभा रहा है।
वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कई रेल क्षेत्रों में माल ढुलाई में तेज वृद्धि दर्ज की गई। दक्षिण पश्चिम रेलवे में सबसे अधिक 14.89 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि उत्तर मध्य रेलवे (12.62 प्रतिशत), पूर्व तटीय रेलवे (10.42 प्रतिशत) और पश्चिम मध्य रेलवे (10.06 प्रतिशत) ने भी दहाई अंक की वृद्धि दर्ज की।
भाषा प्रेम
प्रेम रमण
रमण

Facebook


