दौलतपुरा टोल प्लाजा पर राजस्थान की पहली बिना लेन वाली निर्बाध टोल प्रणाली शुरू

Ads

दौलतपुरा टोल प्लाजा पर राजस्थान की पहली बिना लेन वाली निर्बाध टोल प्रणाली शुरू

  •  
  • Publish Date - June 19, 2026 / 07:25 PM IST,
    Updated On - June 19, 2026 / 07:25 PM IST

नयी दिल्ली, 19 जून (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र के भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के दिल्ली-जयपुर खंड पर दौलतपुरा टोल प्लाजा में राजस्थान की पहली बहु लेन निर्बाध परिवहन (एमएलएफएफ) यानी बिना लेन वाली टोल प्रणाली शुरू की है।

एनएचएआई ने शुक्रवार को कहा कि यह एमएलएफएफ प्रणाली अवरोधक-रहित टोल पर आधारित है, जिसमें मानवीय हस्तक्षेप न्यूनतम होता है। इससे वाहन बिना रुके टोल स्थानों से गुजर सकते हैं और यातायात प्रवाह सुगम बनता है।

दौलतपुरा पर इस प्रणाली की शुरुआत के बाद एनएचएआई ने बताया कि शाहजहांपुर और मनोहरपुर टोल प्लाजा को भी एमएलएफएफ प्रणाली में परिवर्तित करने की योजना है, जिससे व्यस्त दिल्ली-जयपुर मार्ग पर आवागमन और अधिक सुगम होगा।

यह प्रणाली नंबर प्लेट की स्वत: पहचान (एएनपीआर) तकनीक को फास्टैग आधारित इलेक्ट्रॉनिक टोल संग्रह से जोड़ती है, जिससे बिना मानवीय हस्तक्षेप के शुल्क संग्रह स्वचालित रूप से हो सके।

एनएचएआई ने इससे पहले गुजरात में सूरत-भरूच खंड के चोर्यासी टोल प्लाजा और दिल्ली के शहरी विस्तार सड़क-2 (यूईआर-2) पर मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा पर भी एमएलएफएफ प्रणाली शुरू की थी।

एनएचएआई के अनुसार, इस प्रणाली से बिना प्रतीक्षा समय के वाहन आवागमन संभव होता है, जिससे यात्रियों का समय बचता है, ईंधन दक्षता बढ़ती है और टोल स्थलों पर वाहन उत्सर्जन कम होता है।

एमएलएफएफ की सुविधा के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं को अपने फास्टैग खाते में पर्याप्त राशि बनाए रखने की आवश्यकता होती है।

भाषा यासिर रमण

रमण