आरबीआई ने वीआरआर नीलामी के जरिये 48,014 करोड़ रुपये की नकदी डाली

Ads

आरबीआई ने वीआरआर नीलामी के जरिये 48,014 करोड़ रुपये की नकदी डाली

  •  
  • Publish Date - March 17, 2026 / 05:30 PM IST,
    Updated On - March 17, 2026 / 05:30 PM IST

मुंबई, 17 मार्च (भाषा) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने मंगलवार को बैंकिंग प्रणाली में सात दिन की ‘वैरिएबल रेट रेपो’ (वीआरआर) नीलामी के जरिये 48,014 करोड़ रुपये की अस्थायी नकदी डाली।

केंद्रीय बैंक ने एक बयान में कहा कि यह धनराशि 5.26 प्रतिशत की कट-ऑफ और भारित औसत दर पर उपलब्ध कराई गई।

हालांकि, यह राशि 1.50 लाख करोड़ रुपये की अधिसूचित राशि की तुलना में काफी कम रही, जबकि अग्रिम कर भुगतान के कारण बैंकिंग प्रणाली में अधिशेष नकदी में तेज गिरावट आई है।

वीआरआर नीलामी के तहत केंद्रीय बैंक अल्पावधि के लिए परिवर्तनीय ब्याज दरों पर बैंकों को धन उपलब्ध कराता है जिसमें बैंक तय राशि के लिए बोली लगाते हैं।

इस सप्ताह माल एवं सेवा कर (जीएसटी) भुगतान के चलते बैंकिंग प्रणाली से और धन निकलने की संभावना है, जिससे तरलता पर दबाव बढ़ सकता है।

फिलहाल 16 मार्च तक बैंकिंग प्रणाली में अधिशेष तरलता करीब 75,483.63 करोड़ रुपये आंकी गई है, जो 15 मार्च को अग्रिम कर भुगतान से पहले के 2.08 लाख करोड़ रुपये से काफी कम है।

आरबीआई ने जनवरी, 2026 से अब तक सरकारी प्रतिभूतियों की खुला बाजार परिचालन (ओएमओ) खरीद के जरिये 3.50 लाख करोड़ रुपये की टिकाऊ तरलता भी प्रणाली में डाली है।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय