बेंगलुरु, 19 जून (भाषा) एफएमएससीआई के अध्यक्ष अरिंदम घोष ने दिल्ली में खेल मंत्रालय के साथ बैठक के बाद कहा कि 2030 तक भारत में फॉर्मूला वन और 2028 तक विश्व रैली चैंपियनशिप (डब्ल्यूआरसी) और मोटोजीपी का एक राउंड लाने की कोशिशें चल रही हैं।
इससे पहले मार्च में खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने देश में फॉर्मूला वन को फिर से शुरू करने की पहल की थी। उन्होंने भारतीय मोटर स्पोर्ट्स क्लबों के महासंघ (एफएमएससीआई) के साथ एक बैठक की थी ताकि एक ऐसा फ्रेमवर्क बनाया जा सके जिससे ड्राइवरों और तकनीशियनों की एक मजबूत पाइपलाइन तैयार हो सके।
घोष ने एफएमएससीआई के सालाना पुरस्कार समारोह में कहा, ‘‘नयी दिल्ली में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, राज्य मंत्री रक्षा खडसे, सीनियर अधिकारियों और संभावित हितधारकों के साथ हुई बैठक में मुख्य रूप से एफ1, मोटोजीपी और डब्ल्यूआरसी का एक राउंड भारत लाने पर चर्चा हुई। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘महासंघ ने भारतीय ड्राइवरों को तैयार करने और भारत में मोटरस्पोर्ट्स के समग्र विकास की जरूरत पर जोर दिया और एफएमएससीआई के सुझावों को अच्छी तरह से स्वीकार किया गया। ’’
बेंगलुरु में पुरस्कार समारोह के दौरान 2025 के सभी राष्ट्रीय चैंपियन को सम्मानित किया गया और 137 ट्रॉफियां दी गईं।
भाषा नमिता मोना
मोना