आरबीआई 50,000 करोड़ रुपये के बॉन्ड की खरीद करेगा

Ads

आरबीआई 50,000 करोड़ रुपये के बॉन्ड की खरीद करेगा

  •  
  • Publish Date - March 11, 2026 / 08:13 PM IST,
    Updated On - March 11, 2026 / 08:13 PM IST

मुंबई, 11 मार्च (भाषा) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने बुधवार को कहा कि वह बृहस्पतिवार को सरकारी प्रतिभूतियों की खुले बाजार परिचालन (ओएमओ) के तहत खरीद के माध्यम से बैंकों में 50,000 करोड़ रुपये की नकदी डालेगा।

केंद्रीय बैंक ने एक बयान में कहा कि नीलामी 13 मार्च को सुबह 9:30 बजे से 10:30 बजे के बीच होगी।

यह नीलामी केंद्रीय बैंक द्वारा छह मार्च को घोषित एक लाख करोड़ रुपये के ओएमओ के तहत सरकारी प्रतिभूतियों (जी-सेक) की खरीद का हिस्सा है।

पहली नीलामी नौ मार्च को संपन्न हुई, जिसमें केंद्रीय बैंक ने सरकारी प्रतिभूतियों की खरीद के माध्यम से बैंकों में 50,000 रुपये डाले।

वर्तमान में, बैंकिंग प्रणाली में अधिशेष नकदी लगभग 2.74 लाख करोड़ रुपये होने का अनुमान है।

इस महीने के अंत में होने वाले अग्रिम कर और माल एवं सेवा कर (जीएसटी) भुगतान के कारण बैंकिंग प्रणाली से भारी मात्रा में पैसे की निकासी की संभावना को देखते हुए ओएमओ के तहत खरीद नीलामी की घोषणा की गई है।

आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार, केंद्रीय बैंक ने इस वर्ष की शुरुआत से अब तक सरकारी प्रतिभूतियों की खरीद के माध्यम से तीन लाख करोड़ रुपये बैंकों में डाले हैं।

भाषा रमण अजय

अजय