रिलायंस रिटेल का पहली तिमाही में शुद्ध लाभ 14.2 प्रतिशत घटकर 2,806 करोड़ रुपये पर
रिलायंस रिटेल का पहली तिमाही में शुद्ध लाभ 14.2 प्रतिशत घटकर 2,806 करोड़ रुपये पर
नयी दिल्ली, 17 जुलाई (भाषा) उद्योगपति मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज की खुदरा इकाई रिलायंस रिटेल वेंचर्स का वाणिज्य और उससे जुड़े बुनियादी ढांचे में निवेश के कारण चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 14.2 प्रतिशत घटकर 2,806 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में उसका सकल राजस्व 7.4 प्रतिशत बढ़कर 90,408 करोड़ रुपये हो गया, जबकि 2025-26 की समान तिमाही में यह 84,171 करोड़ रुपये था।
रिलायंस रिटेल का शुद्ध लाभ 2025-26 की समान तिमाही में 3,271 करोड़ रुपये रहा था।
समीक्षाधीन तिमाही के कंपनी की परिचालन आय 8.2 प्रतिशत बढ़कर 79,745 करोड़ रुपये हो गई, जो 2025-26 की समान तिमाही में 73,720 करोड़ रुपये थी।
वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में रिलायंस रिटेल की कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) 6,309 करोड़ रुपये रही।
कंपनी ने बताया कि समीक्षाधीन तिमाही के दौरान उसके मार्जिन में 0.8 प्रतिशत की कमी आई।
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने आय विवरण में कहा कि डिजिटल वाणिज्य और उससे जुड़े बुनियादी ढांचे में निवेश के कारण स्थायी लागत बढ़ने से मार्जिन पर असर पड़ा।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कहा, ‘रिलायंस रिटेल ने इस तिमाही में मजबूत वृद्धि दर्ज की है। सभी उपभोक्ता वर्गों और बिक्री माध्यमों में प्रदर्शन स्थिर रहा। हमारी बहु-माध्यम खुदरा मौजूदगी लाखों भारतीय उपभोक्ताओं की जरूरतों को पूरा कर रही है और मुझे विश्वास है कि कंपनी भारत में दीर्घकालिक उपभोग वृद्धि का लाभ उठाने की बेहतर स्थिति में है।’
समीक्षाधीन तिमाही के दौरान रिलायंस रिटेल ने अपने बिक्री नेटवर्क में 252 नए स्टोर जोड़े। इसके साथ ही कुल स्टोर की संख्या बढ़कर 20,169 हो गई और कुल क्षेत्रफल 7.84 करोड़ वर्ग फुट पहुंच गया।
कंपनी ने कहा कि उसके पंजीकृत ग्राहकों की संख्या सालाना आधार पर 10.6 प्रतिशत बढ़कर 39.6 करोड़ हो गई है।
इसके अलावा, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में रिलायंस रिटेल पर कुल 56.8 करोड़ लेनदेन दर्ज किए गए, जो सालाना आधार पर 46 प्रतिशत अधिक हैं।
कंपनी ने कहा कि यह ग्राहकों की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।
रिलायंस रिटेल वेंचर्स की कार्यकारी निदेशक ईशा अंबानी ने कहा, ‘रिलायंस रिटेल ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया और प्रमुख उपभोक्ता श्रेणियों में वृद्धि दर्ज की। डिजिटल वाणिज्य में हमारा लगातार निवेश हमारे डिजिटल मंचों की बदलाव लाने वाली क्षमता को दर्शाता है। बढ़ते ग्राहक आधार, देश के सबसे बड़े स्टोर नेटवर्क और मजबूत होती बहु-माध्यम क्षमताओं के साथ हम हर भारतीय की रोजमर्रा की जरूरतों और आकांक्षाओं को पूरा करने की बेहतर स्थिति में हैं।’
भाषा योगेश रमण
रमण

Facebook


