पश्चिम बंगाल में 500 करोड़ रुपये से होगा पर्यटन अवसंरचना का कायाकल्प: मुख्यमंत्री

Ads

पश्चिम बंगाल में 500 करोड़ रुपये से होगा पर्यटन अवसंरचना का कायाकल्प: मुख्यमंत्री

  •  
  • Publish Date - September 4, 2026 / 05:40 PM IST,
    Updated On - September 4, 2026 / 05:40 PM IST

कोलकाता, चार सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को आरोप लगाते हुए कहा कि पिछली सरकारें राज्य के प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करने में विफल रहीं हैं, जिससे पर्यटन पर असर पड़ा।

यहां आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राज्य पर्यटन विभाग का नया ‘प्रतीक चिन्ह’ जारी करते हुए अधिकारी ने कहा कि घरेलू और विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए पर्यटन बुनियादी ढांचे के कायाकल्प के मकसद से 500 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

धन धान्य सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारी के साथ पर्यटन मंत्री शंकर घोष और उद्योग मंत्री तापस रॉय भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह कल्पना करना मुश्किल है कि पिछली सरकार सुंदरवन की जैव विविधता की रक्षा कैसे नहीं कर सकी। हम दलदली क्षेत्र की रक्षा और इलाके को प्राकृतिक आपदाओं से बचाने के लिए 20 लाख ‘मैंग्रोव’ पौधे लगाएंगे। साथ ही, समृद्ध जैव विविधता को बचाते हुए सुंदरवन को पर्यटकों के लिए एक अनूठे गंतव्य के रूप में पेश करेंगे।’’

अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और वाम मोर्चे की पिछली सरकारों पर पश्चिम बंगाल के ‘प्राकृतिक संसाधनों को नष्ट करने’ का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य अब एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में अपनी स्थिति फिर से हासिल करने का प्रयास करेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘देश के अन्य राज्य घरेलू पर्यटकों की संख्या के मामले में हमसे आगे निकल गए, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। केंद्र की मदद से बंगाल पर्यटन के क्षेत्र में अपना पुराना गौरव फिर हासिल करेगा।’’

भाषा यासिर रमण

रमण