यूक्रेन में रूसी हमलों में कम से कम तीन लोगों की मौत

Ads

यूक्रेन में रूसी हमलों में कम से कम तीन लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - September 4, 2026 / 05:33 PM IST,
    Updated On - September 4, 2026 / 05:33 PM IST

कीव, चार सितंबर (एपी) यूक्रेन में रातभर हुए रूसी हमलों में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

ओडेसा क्षेत्र में रूस के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कम से कम पांच अन्य घायल हो गए, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। क्षेत्रीय प्रमुख ओलेह किपर ने ‘टेलीग्राम’ पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि हमलों में कई आवासीय इमारतों को नुकसान पहुंचा है, जिनमें दो बहुमंजिला इमारतें भी शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि रूसी हमले में द्निप्रो में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। वहीं, कीव में ड्रोन हमले में एक आवासीय इमारत को निशाना बनाए जाने के बाद तीन लोग घायल हो गए।

ये हमले ऐसे समय हुए हैं, जब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि युद्ध समाप्त करने के लिए नए सिरे से कूटनीतिक प्रयासों के तहत अमेरिकी दूत आने वाले दिनों में कीव का दौरा कर सकते हैं।

अमेरिका की ओर से समझौते की कोशिशों से अभी तक शांति का कोई रास्ता नहीं निकल पाया है, लेकिन जेलेंस्की ने बृहस्पतिवार रात अपने संबोधन में कहा कि मॉस्को और कीव दोनों में बैठकों के लिए शुरुआती तारीखें तय कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि यूक्रेन की वार्ता टीम अमेरिकी पक्ष के साथ लगभग लगातार संपर्क में है और बातचीत की तैयारी कर रही है।

रूसी सरकारी समाचार एजेंसी ‘तास’ की खबर के अनुसार, अमेरिकी वार्ताकार स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर पहले मॉस्को और उसके बाद पांच-छह सितंबर को कीव का दौरा करेंगे। हालांकि, इस खबर की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

एपी आशीष दिलीप

दिलीप