अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया लगभग स्थिर बंद

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया लगभग स्थिर बंद

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया लगभग स्थिर बंद
Modified Date: November 29, 2022 / 07:45 pm IST
Published Date: September 23, 2020 2:19 pm IST

नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) घरेलू शेयर बाजार में गिरावट के बीच निवेशकों के सतर्क रुख के चलते रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले एक पैसे की मामूली बढ़त के साथ 73.57 के भाव पर बंद हुआ।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया गिरावट के साथ 73.59 पर खुला और दिन के कारोबार के दौरान सीमित दायरे में रहा। रुपया अंत में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले एक पैसे की हल्की बढ़त के साथ 73.57 पर बंद हुआ।

मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 20 पैसे की गिरावट के साथ 73.58 पर बंद हुआ था।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार दुनिया के अन्य देशों की प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर के मजबूत होने से घरेलू मुद्रा को बल मिला।

रिलायंस सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक श्रीराम अय्यर ने कहा, ‘‘पिछले कुछ सत्रों से अमेरिकी डॉलर में तेजी बनी हुई है। इसका कारण बाजार में धारणा कमजोर होने से सुरक्षित निवेश का विकल्प के रूप में डॉलर की मांग और अमेरिका में आंकड़ों का थोड़ा बेहतर होना है।’’

इस बीच, घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 66.56 अंक यानी 0.17 प्रतिशत गिरकर 37,668.42 और एनएसई निफ्टी 21.80 अंक टूटकर 11,131.85 अंक पर बंद हुआ।

ब्रेंट कच्चा तेल वायदा 0.19 प्रतिशत गिरकर 41.64 डालर प्रति बैरल पर रहा।

भाषा

रमण महाबीर

महाबीर


लेखक के बारे में