रुपया शुरुआती कारोबार में पांच पैसे मजबूत होकर 96.48 प्रति डॉलर पर
रुपया शुरुआती कारोबार में पांच पैसे मजबूत होकर 96.48 प्रति डॉलर पर
मुंबई, 23 जुलाई (भाषा) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के संभावित हस्तक्षेप के बीच रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में पांच पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.48 पर पहुंच गया। हालांकि, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से घरेलू मुद्रा पर दबाव कायम है।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि विदेशी पूंजी की निकासी और घरेलू शेयर बाजारों में लगातार कमजोर धारणा से भी रुपये पर दबाव बना रहा। हालांकि, अमेरिकी डॉलर में कमजोरी से स्थानीय मुद्रा को कुछ राहत मिली।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 96.53 प्रति डॉलर पर खुला। बाद में बढ़कर 96.48 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से पांच पैसे की बढ़त दर्शाता है।
रुपया बुधवार को 28 पैसे की गिरावट के साथ 96.53 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 100.97 पर रहा।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 2.26 प्रतिशत की तेजी के साथ 96.20 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 230.95 अंक टूटकर 76,521.02 अंक पर जबकि निफ्टी 57.15 अंक फिसलकर 23,937 अंक पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 819.20 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


