रुपया 12 पैसे टूटकर 95.74 प्रति डॉलर पर
रुपया 12 पैसे टूटकर 95.74 प्रति डॉलर पर
मुंबई, 23 सितंबर (भाषा) अमेरिकी मुद्रा में व्यापक मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में मामूली सुधार के बीच रुपया बुधवार को 12 पैसे टूटकर 95.74 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के सख्त रुख से डॉलर मजबूत हुआ है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से 2026 में ब्याज दरों में बढ़ोतरी के आसार बढ़ गए हैं। हालांकि, घरेलू बाजारों में सकारात्मक रुख ने रुपये को निचले स्तर पर समर्थन दिया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.58 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 95.57 के स्तर तक पहुंच गया।
हालांकि, बाद में रुपया 95.76 के निचले स्तर तक आ गया और कारोबार के अंत में यह 95.74 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से 12 पैसे की गिरावट है।
रुपया मंगलवार को 16 पैसे मजबूत होकर 95.62 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, “हमें उम्मीद है कि रुपया सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा क्योंकि संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में अमेरिका और ईरान के बीच अप्रत्यक्ष बातचीत के दौरान कूटनीतिक समाधान की उम्मीद से वैश्विक जोखिम धारणा में सुधार हो सकता है। कच्चे तेल की कीमतों में समग्र कमजोरी भी रुपये को समर्थन दे सकती है।”
उन्होंने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 95.50 से 95.95 के दायरे में रहने के आसार हैं।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.27 प्रतिशत बढ़कर 100.87 पर कारोबार कर रहा था।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.26 प्रतिशत बढ़कर 99.51 डॉलर प्रति बैरल पर था।
घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 299.17 अंक चढ़कर 74,828.25 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 117.80 अंक की बढ़त के साथ 23,446.80 अंक पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 3,809.99 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा यासिर अजय
अजय

Facebook


