डॉलर के मुकाबले रुपया 32 पैसे टूटकर 93.48 पर
डॉलर के मुकाबले रुपया 32 पैसे टूटकर 93.48 पर
मुंबई, 21 अप्रैल (भाषा) रुपया मंगलवार को डॉलर के मुकाबले 32 पैसे टूटकर 93.48 (अस्थायी) पर रहा। पश्चिम एशिया शांति वार्ता की प्रगति को लेकर अनिश्चितताओं के बीच स्थिर अमेरिकी मुद्रा और अस्थिर कच्चे तेल की कीमतों के कारण घरेलू मुद्रा में गिरावट आई।
भारतीय रिजर्व बैंक ने सोमवार को रुपये में अत्यधिक सट्टेबाजी पर अंकुश लगाने के लिए एक अप्रैल को जारी किए गए निर्देशों को आंशिक रूप से वापस ले लिया। आरबीआई ने गैर-डिलीवेरेबल फॉरवर्ड (एनडीएफ) बाजारों में शुद्ध खुली स्थिति (कुल विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों और देनदारियों के बीच अंतर) की सीमा 10 करोड़ डॉलर तय की थी और बैंकों को 10 अप्रैल तक इसका पालन करने का आदेश दिया था।
नॉन -डिलीवरेबल फॉरवर्ड (एनडीएफ) एक नकद-निपटान वाला, अल्पकालिक विदेशी मुद्रा डेरिवेटिव है जिसका उपयोग उन मुद्राओं पर हेजिंग के लिए किया जाता है जो स्वतंत्र रूप से परिवर्तनीय नहीं हैं।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 93.25 प्रति डॉलर पर खुला और कारोबार के दौरान 93.63 प्रति डॉलर के निचले स्तर तक गिर गया। अंत में यह 32 पैसे की गिरावट के साथ 93.48 (अस्थायी) पर रहा।
सोमवार को रुपया 25 पैसे टूटकर 93.16 पर बंद हुआ था। हालांकि उससे पहले दो सत्रों में इसमें 47 पैसे की मजबूती आई थी।
विश्लेषकों का कहना है कि अमेरिका-ईरान वार्ता को लेकर अनिश्चितता और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से रुपये पर दबाव बढ़ा है। डॉलर की मजबूती ने भी घरेलू मुद्रा को कमजोर किया, हालांकि वैश्विक शेयर बाजारों की मजबूती ने गिरावट को कुछ हद तक सीमित रखा।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी मुद्रा की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.19 प्रतिशत बढ़कर 98.09 पर पहुंच गया।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.70 प्रतिशत की गिरावट के साथ 94.81 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
विश्लेषकों के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल आपूर्ति में बाधा की आशंकाओं के कारण कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना हुआ है।
घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 753.03 अंक चढ़कर 79,273.33 और निफ्टी 211.75 अंक बढ़कर 24,576.60 पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को करीब 1,059.93 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा योगेश रमण
रमण

Facebook


