रुपया 11 पैसे की बढ़त के साथ 96.25 प्रति डॉलर पर
रुपया 11 पैसे की बढ़त के साथ 96.25 प्रति डॉलर पर
मुंबई, 21 जुलाई (भाषा) वैश्विक बाजारों की अनिश्चितताओं के बीच कारोबारियों की विदेशी मुद्रा नकदी को बढ़ाने के मकसद से भारतीय रिजर्व बैंक की पहल के कारण विदेशी निवेश प्रवाह बढ़ने के आकलन के कारण अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया शुरुआती गिरावट से उबरते हुए मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 11 पैसे मजबूत होकर 96.25 पर बंद हुआ।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मुद्रा अदला-बदली सुविधा के तहत जून से अब तक भारत में 20.72 अरब डॉलर का विदेशी मुद्रा प्रवाह हुआ है, जिससे देश के भुगतान संतुलन की स्थिति को महत्वपूर्ण संरचनात्मक समर्थन मिला है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 96.41 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 96.13 से 96.42 प्रति डॉलर के दायरे में रहा। अंत में यह 96.25 प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव की तुलना में 11 पैसे की बढ़त है।
रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले छह पैसे की गिरावट के साथ 96.36 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने सोमवार को कहा था कि विदेशी मुद्रा प्रवाह को प्रोत्साहित करने के लिए शुरू की गई उसकी रियायती मुद्रा अदला-बदली सुविधा के तहत 17 जुलाई तक 20.72 अरब डॉलर प्राप्त हुए हैं। आठ जून, 2026 से शुरू इस सुविधा में लगातार अच्छी रुचि देखने को मिली है और इससे निरंतर विदेशी मुद्रा प्रवाह हुआ है।
विशेष रूप से विदेशी मुद्रा प्रवासी (बैंक) जमा (एफसीएनआर-बी) के माध्यम से काफी धन जुटाया गया है।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.03 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 100.91 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 238.41 अंक की गिरावट के साथ 77,470.11 अंक पर और एनएसई निफ्टी 50.80 अंक फिसलकर 24,187.70 अंक पर बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.25 प्रतिशत की बढ़त के साथ 89.44 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने मंगलवार को 1,650.16 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


