कर्नाटक में युवाओं को एआई कौशल प्रशिक्षण देने के लिए ‘सैमसंग इनोवेशन कैंपस’ शुरू

कर्नाटक में युवाओं को एआई कौशल प्रशिक्षण देने के लिए 'सैमसंग इनोवेशन कैंपस' शुरू

कर्नाटक में युवाओं को एआई कौशल प्रशिक्षण देने के लिए ‘सैमसंग इनोवेशन कैंपस’ शुरू
Modified Date: September 19, 2026 / 04:56 pm IST
Published Date: September 19, 2026 4:56 pm IST

बेंगलुरु, 19 सितंबर (भाषा) सैमसंग इंडिया ने 2,000 युवाओं को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप कृत्रिम मेधा (एआई) कौशल का प्रशिक्षण दिए जाने के मकसद से कर्नाटक में ‘सैमसंग इनोवेशन कैंपस 2026’ शुरू करने की घोषणा की है।

कंपनी ने शनिवार को बताया कि इस वैश्विक शिक्षा एवं कौशल विकास कार्यक्रम की शुरुआत 17 सितंबर को कर्नाटक के उच्च शिक्षा मंत्री बसवराज रायरेड्डी और बेंगलुरु स्थित नृपतुंगा विश्वविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षाविदों की मौजूदगी में हुई।

सैमसंग इंडिया ने बयान में कहा, ‘‘नृपतुंगा विश्वविद्यालय के साथ साझेदारी में शुरू किया गया यह कार्यक्रम व्यावहारिक एआई शिक्षा तक युवाओं की पहुंच बढ़ाने और भविष्य की प्रौद्योगिकी जरूरतों के अनुरूप कार्यबल तैयार करने में मदद करेगा।’’

कंपनी ने कहा कि कर्नाटक में इस कार्यक्रम के तहत अब तक 3,000 से अधिक लोगों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

बयान के अनुसार, सैमसंग इनोवेशन कैंपस एक वैश्विक शिक्षा कार्यक्रम है, जिसके तहत युवाओं को उभरती प्रौद्योगिकियों में भविष्य बनाने के लिए जरूरी कौशल प्रदान किए जाते हैं।

भारत में इस कार्यक्रम को अब चार वर्ष पूरे होने वाले हैं। इसके तहत 18 से 25 वर्ष की उम्र के युवाओं को एआई का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाता है।

कंपनी ने कहा कि कर्नाटक में यह कार्यक्रम ऐसे समय शुरू किया गया है, जब राज्य एआई आधारित नवाचार पर विशेष जोर दे रहा है।

सैमसंग दक्षिण पश्चिम एशिया में कॉरपोरेट संचार एवं सीएसआर प्रमुख शुभम मुखर्जी ने कहा कि कंपनी सैमसंग इनोवेशन कैंपस के माध्यम से उभरती तकनीकों के कौशल तक युवाओं की पहुंच बढ़ाना चाहती है। उन्होंने कहा कि सैमसंग के भारत में 30 वर्ष पूरे होने के मौके पर युवा भारतीयों की क्षमता में निवेश करना देश के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

रायरेड्डी ने कहा कि सैमसंग इनोवेशन कैंपस राज्य में एआई आधारित परिवेश विकसित करने के प्रयासों में सहयोगी है।

भाषा यासिर पाण्डेय

पाण्डेय


लेखक के बारे में