सैमसंग बढ़ती लागत के बीच देगी ब्याज-मुक्त ईएमआई, त्योहारी छूट विकल्पः सीईओ

सैमसंग बढ़ती लागत के बीच देगी ब्याज-मुक्त ईएमआई, त्योहारी छूट विकल्पः सीईओ

सैमसंग बढ़ती लागत के बीच देगी ब्याज-मुक्त ईएमआई, त्योहारी छूट विकल्पः सीईओ
Modified Date: August 4, 2026 / 03:20 pm IST
Published Date: August 4, 2026 3:20 pm IST

(जोयता डे)

नयी दिल्ली/लंदन, चार अगस्त (भाषा) दक्षिण कोरियाई प्रौद्योगिकी कंपनी सैमसंग ने कहा है कि वह भारत में बढ़ती लागत के बीच उपभोक्ताओं पर बोझ कम करने के लिए ब्याज-मुक्त मासिक किस्त (ईएमआई) और त्योहारी छूट जैसे विकल्प देगी।

सैमसंग के दक्षिण-पश्चिम एशिया क्षेत्र के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जे. बी. पार्क ने लंदन में भारतीय पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि कच्चे माल की लागत बढ़ने से चालू वर्ष की पहली छमाही में भारतीय बाजार में करीब 15 प्रतिशत गिरावट आई है और दूसरी छमाही भी चुनौतीपूर्ण रह सकती है।

उन्होंने कहा कि मेमोरी चिप की किल्लत और आपूर्ति बाधाओं से कारोबार के लिए स्थिति और मुश्किल हो गई है।

पार्क ने कहा, “हम बढ़ी हुई लागत के बोझ को यथासंभव अपने स्तर पर ही समाहित करने की कोशिश करेंगे और उपभोक्ताओं को बेहतर मूल्य देंगे। आने वाले त्योहारी मौसम में ग्राहकों को ब्याज-मुक्त ईएमआई और छूट जैसे किफायती विकल्प भी उपलब्ध कराए जाएंगे।”

कृत्रिम मेधा (एआई) के बढ़ते उपयोग और सीमित उत्पादन क्षमता के कारण मेमोरी चिप की उपलब्धता एक समस्या बनी हुई है। भू-राजनीतिक कारणों से कच्चे माल की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है, जिससे पिछले छह महीनों में स्मार्टफोन समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दाम 20-30 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं।

उद्योग जगत का अनुमान है कि मेमोरी की लागत अगले 12-18 महीनों तक ऊंचे स्तर पर बनी रह सकती है।

पार्क ने कहा कि भारत में एआई का उपयोग केवल फोटो या वीडियो के संपादन तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि सैमसंग ‘ऑन-डिवाइस’ एआई पर ध्यान दे रही है ताकि उपयोगकर्ता क्लाउड के बजाय सीधे अपने फोन पर ही एआई सुविधाओं का उपयोग कर सकें और गोपनीयता भी बेहतर बनी रहे।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में