एसबीआई ने कारोबार विस्तार के लिए बॉन्ड से जुटाए 4,691 करोड़ रुपये
एसबीआई ने कारोबार विस्तार के लिए बॉन्ड से जुटाए 4,691 करोड़ रुपये
नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र के भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने कारोबार विस्तार और पूंजी आधार को मजबूत करने के उद्देश्य से बासेल-तीन मानकों के अनुरूप अतिरिक्त टियर-1 बॉन्ड जारी कर 4,691 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
बैंक ने बुधवार को बयान में कहा कि चालू वित्त वर्ष में यह एसबीआई का पहला टियर-1 बॉन्ड है। इस बॉन्ड पर सालाना 7.75 प्रतिशत ब्याज दर निर्धारित की गई है।
यह बिना परिपक्वता तिथि का स्थायी अवधि वाला बॉन्ड है। बैंक के पास पांच वर्ष बाद तथा उसके बाद प्रत्येक साल में जारी करने की तिथि पर इन्हें वापस लेने (कॉल ऑप्शन) का विकल्प रहेगा।
इस निर्गम को लेकर निवेशकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली। कुल 3,000 करोड़ रुपये के निर्गम के मुकाबले दोगुना से अधिक बोलियां प्राप्त हुईं। कुल 89 बोलियां मिलीं। इनमें भाग लेने वालों में भविष्य निधि, पेंशन फंड, म्यूचुअल फंड और बैंकों सहित विभिन्न संस्थागत निवेशक शामिल हैं।
एसबीआई के चेयरमैन सी एस शेट्टी ने कहा कि निवेशकों की व्यापक भागीदारी देश के सबसे बड़े बैंक में उनके भरोसे को दर्शाती है।
बैंक ने मजबूत मांग को देखते हुए सालाना 7.75 प्रतिशत की कूपन दर पर 4,691 करोड़ रुपये की राशि स्वीकार करने का निर्णय लिया।
बैंक के अनुसार, इस निर्गम से दीर्घकालिक गैर-इक्विटी नियामकीय पूंजी जुटाने में मदद मिलेगी, जिससे उसकी पूंजी पर्याप्तता मजबूत होगी और भविष्य में कारोबार विस्तार को गति मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि बासेल-तीन मानकों के तहत अतिरिक्त टियर-1 बॉन्ड बैंकों की ‘कोर’ यानी प्रमुख पूंजी का हिस्सा होते हैं। बैंक वित्तीय संकट की स्थिति में, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की अनुमति से बॉन्ड में किये गये निवेश को बट्टे खाते में डाल सकते हैं या सामान्य इक्विटी में बदल सकते हैं।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


