मुंबई, 11 फरवरी (भाषा) भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) मजबूत तिमाही नतीजों के बाद आई तेजी के दम पर बुधवार को बाजार पूंजीकरण के लिहाज से देश की चौथी सबसे मूल्यवान सूचीबद्ध कंपनी बन गई है।
अक्टूबर-दिसंबर तिमाही के मजबूत नतीजों के बाद बैंक के शेयरों में तीन प्रतिशत से अधिक की तेजी आने से उसने दिग्गज आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) को पीछे छोड़ दिया।
बीएसई पर एसबीआई का शेयर 3.40 प्रतिशत बढ़कर 1,183 रुपये पर बंद हुआ, जबकि एनएसई पर यह 3.23 प्रतिशत चढ़कर 1,181.10 रुपये पर पहुंच गया।
कारोबार के दौरान यह शेयर लगभग चार प्रतिशत चढ़कर अपने 52 सप्ताह के उच्चतम स्तर बीएसई पर 1,187.70 रुपये और एनएसई पर 1,187.50 रुपये तक पहुंच गया।
कारोबार के अंत में एसबीआई का बाजार पूंजीकरण 10,91,982.06 करोड़ रुपये रहा, जो बीएसई पर टीसीएस के 10,52,646.38 करोड़ रुपये के बाजार पूंजीकरण से अधिक है।
इस बीच टीसीएस का शेयर 2.5 प्रतिशत टूटकर बीएसई और एनएसई पर क्रमश: 2,909.40 रुपये और 2,909 रुपये के भाव पर बंद हुए।
बाजार पूंजीकरण के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है। इसके बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, एसबीआई, टीसीएस, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस, इन्फोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड और लार्सन एंड टुब्रो का स्थान रहा।
एसबीआई ने वित्त वर्ष 2025-26 की दिसंबर तिमाही में एकल आधार पर 21,028 करोड़ रुपये का अब तक का सर्वाधिक लाभ दर्ज किया है जबकि एकीकृत आधार पर उसका शुद्ध लाभ 13.06 प्रतिशत बढ़कर 21,317 करोड़ रुपये रहा।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय