उप्र सरकार ने बजट में नागर विमानन क्षेत्र के लिए 2,111 करोड़ रुपये का प्रावधान किया

Ads

उप्र सरकार ने बजट में नागर विमानन क्षेत्र के लिए 2,111 करोड़ रुपये का प्रावधान किया

  •  
  • Publish Date - February 11, 2026 / 07:51 PM IST,
    Updated On - February 11, 2026 / 07:51 PM IST

लखनऊ, 11 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार ने बुधवार को विधानसभा में पेश किए गए 2026-27 के बजट में परिवहन और नागर विमानन क्षेत्र के मद में उदारता दिखाई है।

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्‍ना ने बुधवार को प्रस्तावित बजट पेश करते हुए कहा कि बस बेडे के सुदृढ़ीकरण को इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) के लिए 400 करोड़ रुपये तथा बस अड्डा निर्माण के लिए 150 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने कहा कि मुख्‍यमंत्री जीरो फैटलिटी विजन योजना दुर्घटनाओं की रोकथाम व दुर्घटना पश्चात कार्यवाही को 50 करोड़ रुपये की व्‍यवस्‍था प्रस्तावित है। इलेक्‍ट्रॉनिक वाहनों के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए बस अड्डे पर चार्जिंग स्टेशन के मद में 50 करोड़ रुपये की धनराशि प्रस्तावित है।

खन्‍ना ने कहा कि नागर विमानन के लिए 2,111 करोड़ रुपये का बजट में प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हवाई संपर्क बढ़ाने के लिए राज्य सरकार द्वारा निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। इसकी पूर्ति के भारत सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना के माध्‍यम से कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जेवर (नोएडा) में राज्‍य सरकार द्वारा बनने वाले अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे में दो रनवे की संख्या बढ़ाकर पांच रनवे बनाये जाने का निर्णय लिया गया है।

खन्‍ना ने कहा कि प्रदेश सरकार की हवाई पट्टियों के निर्माण, विस्तार और सुदृढ़ीकरण तथा जमीन के लिए 1,100 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है।

भाषा आनन्द

नोमान अजय

अजय